प्रतिनिधि,हजारीबाग। टाटीझरिया थाना क्षेत्र के केसडा निवासी काली प्रसाद महतो पिता भुनेश्वर महतो के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 53 हज़ार 950 रुपये उड़ा लिए हैं। युवक ने मामले की शिकायत टाटीझरिया थाना में किया है।
काली प्रसाद ने बताया कि उसने ऑनलाइन शॉपिंग की थी। सामान पसंद ना आने के बाद रिटर्न करने के लिए उसने गूगल का सहारा लिया और कंपनी का नंबर ढूंढने लगा कि कब मेरा पैसा रिटर्न आएगा। संपर्क करने के बाद साइबर शातिरों ने 8709550021 मोबाइल नंबर पर 2 रुपये फोनपे करने के लिए कहा और मोबाइल फोन में एनीडेस्क ऐप डाउनलोड कराकर केवाईसी के नाम पर उसका पूरा डिटेल लिया। इसके बाद उसके एसबीआई शाखा के खाते से 53 हजार और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 950 रुपये उडा़ लिए गए। साइबर ठगों ने उसे फोन कर कहा कि आपका पैसा सुरक्षित है वापस आ जाएगा। एनीडेस्क ऐप में उसके और भी बैंक खातों को लिंक करने के लिए कहा। इसकी शिकायत उसने टाटीझरिया थाना पहुंचकर किया है।
गलत लिंक पर क्लिक करने से बचें: थाना प्रभारी
टाटीझरिया थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि साइबर ठगों ने लोगों का अकाउंट खाली करने का यह तरीका अपनाया है। लिंक भेज कर ऐप डाउनलोड कराया जाता है और खाते से रुपए उड़ाने में कामयाब हो जाते हैं। आज के समय में बहुत लोग कैशबैक और गिफ्ट जैसे ऑफरों को देखकर किसी भी लिंक पर क्लिक कर देते हैं,जिसके कारण साइबर ठगों को हमारे पर्सनल डिटेल मिल जाते हैं और वह हमारे बैंक खातों में सेंधमारी करने में कामयाब हो जाते हैं। उन्होंने लोगों को इससे सावधान रहने की अपील की है।





