प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बिष्टुपुर थाना अंतर्गत कांट्रेक्टर एरिया निवासी अंकित माड़िया से साइबर ठगों ने रुपए कमाने का झांसा देकर उनके खाते से 1.59 लाख रुपए उड़ा लिए। जबतक अंकित को ठगों की गतिविधियों की जानकारी मिलती तब तक उनके खाते से रुपयों की निकासी हो चुकी थी। जिसके बाद उन्होंने घटना की लिखित शिकायत बिस्टुपुर स्थित साइबर थाने में 3 जनवरी को की।जिसके तहत थाने में मामला गुरुवार को दर्ज किया गया।





मामले में अंकित का कहना है कि साइबर ठगों ने उनके मोबाइल पर 26 दिसंबर को वाट्सएप मैसेज भेजा। जिसमें लिखा हुआ था कि टेलीग्राम के माध्यम से घर बैठे रोज रुपए कमाए जा सकते है। जिसके कारण वे ठगों के झांसे में आ गए। इस दौरान साइबर ठगों ने अंकित के मोबाइल पर कुछ पेज भेजकर कहा कि इसे भरने पर ही रुपए मिलेंगे। पहली बार पेज भरकर भेजने पर ठगों ने कुछ रुपए उनके खाते में भेजा। जिसके बाद कहा कि अब रुपए यूपीआई मर्चेंट में भेजा जायेगा। साथ ही कहा कि जो भी रुपए उनकी ओर से भेजा जाएगा उसे वापस भी किया जाएगा।





अंकित का कहना है कि साइबर ठगों ने 28 से 30 दिसंबर के बीच कुल 8 बार में उनके खाते से 1.59 लाख रुपए की निकासी कर ली। इसके बाद जब अंकित ने अपने रुपए की मांग की तो ठग ने फोन उठाना ही बंद कर दिया। जिसके बाद उन्हें अहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।