साहिबगंज ब्यूरो,साहिबगंज। जिला के पुलिस अधीक्षक नौशाद आलम का तबादला कर दिया गया है। उन्हें भारतीय पुलिस सेवा के पुलिस उप–महानिरीक्षक कोटि में प्रोन्नति प्रदान करते हुए अगले आदेश तक पुलिस उप–महानिरीक्षक (कार्मिक) झारखंड रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है। नौशाद आलम भारतीय पुलिस सेवा के 2010 बैच के अधिकारी हैं। वहीं साहिबगंज के नए एसपी कुमार गौरव बनाए गए हैं, जो अभी रांची में बतौर यातायात पुलिस अधीक्षक पदस्थापित हैं।
बता दें कि अभी दो महीने पहले ही साहिबगंज में नौशाद आलम का तबादला हुआ था। तबादले की वजह जिले में लगातार घट रही आपराधिक घटनाओं और झारखंड सरकार पर लगातार बढ़ता हुआ दवाब बताया जा रहा है। झारखंड विधानसभा में भी साहिबगंज की गिरती विधि-व्यवस्था पर सवाल उठ चुके थे। कुमार गौरव फिलवक्त रांची के ट्रैफिक एसपी के रूप में तैनात हैं। गृह विभाग की ओर से इसकी अधिसूचना बुधवार की देर रात ही जारी की गई है।





