प्रतिनिधि,जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना अंतर्गत रोड नंबर 16 के पास सोमवार आइडिया इंफिनिटी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कलेक्शन एजेंसी के कर्मचारी मानगो कुंवर बस्ती निवासी जितेंद्र पात्रो से बाइक सवार बदमाशों द्वारा 9 लाख रुपए लूट का मामला सामने आया है। वहीं घटना के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।





मामले में बताया जा रहा है कि जितेंद्र पात्रो रोजाना की तरह सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह विद्यापति नगर से विभाग का बिजली बिल कलेक्शन कर गोलमुरी स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में रूपए जमा कराने जा रहे थे। उनके कहे अनुसार स्कूटी की डिक्की में नगद 9 लाख रुपए मौजूद थे। इसी दौरान उनके साथ यह घटना घटी।घायल जितेंद्र ने बताया कि बदमाशों ने उनकी स्कूटी को पीछे से धक्का मारकर गिरा दिया। जिससे वे स्कूटी समेत जमीन पर गिरकर घायल हो गए। जिसके बाद आसपास के लोगों ने उन्हें सड़क से किनारे किया।





इस दौरान सूचना पाकर बिजली विभाग के अधिकारी समेत कलेक्शन एजेंसी के सहयोगी भी मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर फाइल से घटना की जानकारी ली। वहीं पुलिस जितेंद्र द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार बदमाशों का पता लगा रही है। जबकि वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने भी घटना की जानकारी ली है। जबकि मामले में जो मुख्य बातें सामने आई है उससे लूट का पूरा मामला ही संदेहास्पद लग रहा है।





सूत्रों के अनुसार पता चला है कि जब घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें आसपास के लोगों ने बताया कि घटना के समय स्कूटी के आगे एक टेंपो चल रहा था। मगर उसके पीछे कोई गाड़ी नहीं थी। लोगों ने बताया कि घटना के समय स्कूटी सवार स्किट कर गिर गया था। जिसके बाद उन्हीं लोगों ने उसे सड़क के किनारे किया। इस दौरान वह स्कूटी की डिक्की में बहुत पैसे होने की बात जोर-जोर से कह रहा था। मगर घटनास्थल पर ही स्कूटी को साइड कर लोगों ने लॉक करने के बाद उसकी चाबी भी घायल को ही दे दी थी। जिसके बाद वह अपने साथियों के साथ टेंपो से इलाज कराने अस्पताल गया। अब सोचने वाली बात यह है कि अगर बदमाशों को पैसा ही लूटना था तो वे स्कूटी को मौके पर क्यों छोड़ते। स्कूटी सहित ही रुपए लेकर फरार हो जाते हैं। जबकि कलेक्शन एजेंट जितेंद्र पात्रों का कहना है कि उन्हें गिराने के बाद बदमाशों ने चाबी से डिक्की खोली और पैसे लेकर फरार हो गए। जो मुमकिन ही नहीं लगता। ऐसा लगता है कि यह पूरा मामला मनगढ़ंत है। बहरहाल पुलिस मामले के हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है।