साहिबगंज।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू को साहिबगंज में आवंटित खदान तक गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पहुंची।यह खदान साहिबगंज के मंडरो अंचल के पकड़िया में आवंटित की गई है।रांची से पहुंची ईडी टीम ने यहां ड्रोन से खदानों का जायजा लिया। इससे पहले टीम को यहां तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।





सूत्रों ने बताया कि जिस प्लॉट नंबर पर अभिषेक को खदान की लीज मिली है,वहां ईडी की टीम को सिर्फ जंगल-झाड़ मिला। अबतक माइंस शुरू किए जाने के कोई सबूत नहीं मिले। उधर ईडी को यहां से हटकर थोड़ी दूर पर दूसरे प्लॉट पर एक बड़ा पत्थर खदान मिला। वहां खनन कर काफी पत्थर निकाले गए थे। यहां के बाद ईडी की टीम दामिन भिट्ठा में अवध किशोर सिंह उर्फ पतरू सिंह समेत अन्य के पत्थर खदान की जांच की। सुंदरे समेत अन्य मौजा में स्थित मांइस को भी देखा। इससे पहले ईडी की टीम ने मंडरो अंचल के विभिन्न मौजा में माइंस की जांच शुरू कर दी थी।





कई खदानों की कराई गई मापी





ईडी की टीम ने दर्जन भर खदान में पहुंचकर मापी कराई। इनमें से कई खदान वैध मिली जबकि कई अवैध थी। लीज खदान में क्षेत्र से बाहर लीज करने और क्षमता से अधिक पत्थर निकालने की भी बात सामने आई है।ईडी की एक दूसरी टीम भूताहा, छोटा दामिनभिह्वा व मुंडली में पत्थर खदान की मापी की है। लीज क्षेत्र से बाहर माइंस करने के मामले में कुछ लोगों पर केस दर्ज करने का भी आदेश ईडी ने दिया।