जमशेदपुर।कोल्हान सिखों की सिरमौर धार्मिक जनरल बॉडी सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) चुनाव को लेकर समाज में सरगर्मी तेज हो गई है। वहीं सीजीपीसी प्रधान पद के लिए चार उम्मीदवार क्रमशः गोलमुरी नामदा बस्ती गुरुद्वारा के प्रधान सह सीजीपीसी के पूर्व कार्यकारी प्रधान महेंद्र सिंह बोझा, साकची रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा के प्रधान हरमिंदर सिंह मिंदी, मानगो गुरुद्वारा के प्रधान सरदार भगवान सिंह और साकची गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान हरविंदर सिंह मंटू मैदान में डटे हुए हैं। अब तक यह पहल की जा रही थी कि चारों उम्मीदवारों में सर्वसम्मति बन जाए। मगर सर्वसम्मति बनने के कयास अब खत्म हो चुके हैं। जिसके तहत किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस भी नहीं लिया है। ऐसे में चारों उम्मीदवारों के बीच दिलचस्प मुकाबला होना तय है।





रविवार सीजीपीसी चुनाव समिति ने 218 मेंबरों की वोटरलिस्ट तैयार करते हुए उम्मीदवारों को सौंप दी है। भगवान सिंह और मिंदी ने वोटर लिस्ट प्राप्त कर ली है। जबकि देर शाम तक अन्य दो उम्मीदवारों ने भी वोटरलिस्ट प्राप्त कर लिया। वहीं चुनाव कमेटी ने सभी उम्मीदवारों को मंगलवार तक वोटरलिस्ट पर आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया है। अगर किसी उम्मीदवार द्वारा कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई जाती है तो चुनाव कमेटी मतदान की तारीख की घोषणा करेगी। साथ ही चारों उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटन कर दिया जाएगा। वोटरलिस्ट में संत कुटिया, होम पाइप और बर्मामाइंस गुरुद्वारा के मेंबरों का भी नाम जोड़ दिया गया है। जो किसी कारण वश तय समय पर चंदा जमा नहीं करा सके थे। चुनाव कमेटी में नरेंद्रपाल सिंह भाटिया, अमरजीत सिंह, दलजीत सिंह दल्ली, गुरदयाल सिंह और तारा सिंह गिल शामिल है।