प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सीतारामडेरा थाना अंतर्गत शनि मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने 13 जनवरी की देर रात्रि दान पेटी से नगद 30 हजार रुपए की चोरी कर ली। इस दौरान चोरों ने मंदिर परिसर में लगे दो सीसीटीवी कैमरा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं घटना की जानकारी दूसरे दिन मंदिर कमेटी के लोगों को मिली। जिसके बाद घटना के संबंध में कुम्हार पाड़ा बगान निवासी विनोद कुमार के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया गया है।





बताया जा रहा है कि सीतारामडेरा स्थित शनि मंदिर में पहली बार चोरी की घटना घटी है। घटना की रात्रि मंदिर के मेन गेट पर ताला लगा दिया गया था। वहीं चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे। जिसके बाद दान पेटी का ताला तोड़कर रुपए की चोरी कर ली।





मामले में लोगों ने बताया कि चोरी की पूरी घटना की मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में कैद हो गई है। जिसमें चार चोर मंदिर में घूमते हुए दिख रहे हैं। जिन्हें पहचान कर सभी का नाम भी पुलिस को बता दिया गया है। बावजूद इसके पुलिस की ओर से अभी तक इस मामले में किसी तरह की पहल नहीं की गई है। जबकि सीसीटीवी फुटेज देखकर लोगों ने बताया कि घटना को भोगलू गैंग द्वारा अंजाम दिया गया है। जिसमें भोगलू के साथ-साथ गैंग का सदस्य रौशन, कृष्णा, शिवराज और आशीष भी शामिल है। साथ ही सभी की तस्वीर सीसीटीवी फुटेज में भी दिख रही है और सभी पास के स्लम बस्ती के ही रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।