प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सीतारामडेरा क्षेत्र के न्यू लेआउट होल्डिंग नंबर 322 में बिल्डर डेनियस टोपनो और एस महापात्रा द्वारा जमशेदपुर अक्षेस विभाग द्वारा निर्माणाधीन बिल्डिंग के पांचवे तल्ले में किए गए सील को तोड़कर फ्लैट का काम करवाया जा रहा था। जिसकी सूचना पाकर जमशेदपुर अक्षेस विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को बंद कराते हुए पुनः सील करने की कार्रवाई की।इस दौरान टीम ने बिल्डर को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पुनः सील तोड़ने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





बताते चलें कि नक्शा का विचलन कर होल्डिंग नंबर 322 में बन रहे निर्माणाधीन बिल्डिंग के पांचवे तल्ले को सील किया गया था। जिसमें बिल्डर चोरी छुपे सील तोड़कर निर्माण कार्य करवा रहा था। जिसकी सूचना मिलने पर उक्त कार्रवाई टीम की तरफ से की गई। इसी तरह बिस्टुपुर क्यू रोड शालिग्राम स्वीट्स के पीछे चल रहे निर्माणाधीन बिल्डिंग साइड पर पहुंचकर टीम ने भवन निर्माता से नक्शे की मांग की। जिसे वह प्रस्तुत नहीं कर सका। जिसके बाद टीम ने वहां चल रहे निर्माण कार्य को बंद करवा दिया। साथ ही नक्शा के अनुरूप ही निर्माण कार्य कराने की चेतावनी भी दी। मौके पर नगर प्रबंधक सोनल सिंह, कनीय अभियंता प्रणव कुमार ठाकुर, कर्मी गणेश राम समेत उड़नदस्ता की टीम मौजूद थी।