वरीय संवाददाता,रांची। सतर्कता जागरूकता सप्‍ताह 2023 के अंतर्गत सीसीएल मुख्‍यालय दरभंगा हाउस रांची से जवाहर नगर कॉलोनी,कांके रोड तक सतर्कता जागरूकता मार्च का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी डॉ. बी.वीरा रेड्डी, निदेशक तकनीकी (संचालन) राम बाबू प्रसाद, निदेशक (कार्मिक) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) बी. साई राम, मुख्‍य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित बड़ी संख्‍या में सीसीएल कर्मियों ने भ्रष्‍टाचार का विरोध करें,राष्‍ट्र के प्रति समर्पित रहें के संदेश को प्रदर्शित करते हुए इस जागरूकता मार्च में भाग लिया। इस अवसर पर सतर्कता जागरूकता रथ के साथ-साथ प्‍ले कार्ड, बैनर आदि को हाथ में लेकर भ्रष्‍टाचार का विरोध करें, राष्‍ट्र के प्रति समर्पित रहें का संदेश देते हुए सीसीएल के मुख्‍य द्वार से राजभवन के मुख्‍य द्वार होते कांके रोड स्थित जवाहरनगर कॉलोनी तक सतर्कता मार्च निकाली। इसमें स्‍कूली छात्रों ने भी बैंड के साथ भाग लिया।





इससे पूर्व सीसीएल के सीएमडी,निदेशकगण एवं कर्मी प्रात: मुख्‍यालय प्रागंण में उपस्थित होकर सत्‍य निष्‍ठा की शपथ ली। सीएमडी डॉ. बी. वीरा रेड्डी ने सभी को सत्‍यनिष्‍ठा की शपथ दिलायी। उन्‍होंने कर्मियों को कार्यक्षेत्र मे इमानदारी तथा नियमों का पालन, पारदर्शिता के साथ जनहित में कार्य करने की प्रतिज्ञा दिलायी। इस अवसर पर डॉ. रेड्डी ने कहा कि हमारे देश की आर्थिक, राजनीतिक तथा सामाजिक प्रगति में भ्रष्‍टाचार एक बड़ी बाधा है, इसके उन्‍मूलन हेतु हम सबको मिलकर कार्य करना होगा।





स्‍वागत संबोधन में सीवीओ पंकज कुमार ने जीवन में सत्‍यनिष्‍ठा तथा इमानदारी को अपनाने की बात कही। उन्‍होंने भ्रष्‍टाचार मुक्‍त समाज के निर्माण हेतु सबको प्रेरित किया।





अवसर विशेष पर सीएमडी, डॉ. रेड्डी सहित निदेशकगण एवं सीवीओ ने सतर्कता जागरूकता रथ को फ्लैग ऑफ किया। यह जागरूकता रथ आमजन के बीच जाकर भ्रष्‍टाचार मुक्‍त के संदेश को पहुंचाने के साथ-साथ उन्‍हें जागरूक करेगा। सीसीएल मुख्‍यालय परिसर में ई-प्‍लेज की व्‍यवस्‍था की गयी थी, जिसमें कर्मियों ने ई-शपथ भी लिया।





ज्ञातव्‍य हो कि इस वर्ष का थीम भ्रष्‍टाचार का विरोध करें, राष्‍ट्र के प्रति समर्पित रहें है। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्‍ताह पूरे सीसीएल में 30 अक्‍टूबर से 05 नवम्‍बर, 2023 तक मनाया जा रहा है। इस दौरान सीसीएल नुक्‍कड़ नाटक, सांस्‍कृतिक कार्यक्रम तथा रैली के माध्‍यम से भ्रष्‍टाचार निवारण के संदेश को समाज में जोर-शोर से प्रसारित कर रहा है।कार्यक्रम के आयोजन में महाप्रबंधक (सतर्कता) अवध किशोर सिंह एवं अन्‍य का महत्‍वपूर्ण योगदान रहा।