सेल अधिकारियों पर विस्थापितों ने किया हमला,दो घायल भवनाथपुर (गढ़वा)।सेल के प्रशासनिक भवन में शुक्रवार को दोपहर विस्थापित संघर्ष समिति के संगठन मंत्री नंदलाल पाठक को कब्जे में रखने से गुस्साई भीड़ ने जमकर बवाल किया। विस्थापतों ने मोटर साइकिल से लौट रहे सेल के बिजली अधिकारी राजीव रंजन और राजेश कुमार पर हमला कर दिया और उनको मारा पीटा।दोनों अधिकारी किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे।



सेल अधिकारियों के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ अधिकारी के आवास पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इससे पहले विस्थापितों ने सेल के प्रशासनिक भवन में भी घुसकर कार्यालय में जमकर हंगामा किया। टाउनशिप में हंगामे के बाद सेल प्रभारी डीजीएम विजय कुमार राम के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।



मिली जानकारी के अनुसार सिंदूरिया पंचायत के रेलवे साइडिंग में नंदलाल पाठक की पुस्तैनी जमीन है और ये जमीन सेल के अधीन है। शुक्रवार को वो जमीन की जोताई करा रहे थे। सेल के पर्सनल अधिकारी ने इस सूचना पर अपने कर्मचारी नंदू पांडेय व सीआईएसएफ के जवानों को भेजकर कार्य बंद करवा दिया। विरोध करने पर नंदलाल पाठक को जवान पकड़कर सेल के प्रशासनिक भवन ले आए। इसकी सूचना के बाद लोग आक्रोशित हो गए।