प्रतिनिधि,जमशेदपुर।सोनारी थाना अंतर्गत सी रोड जोजो पान दुकान के पास गुरुवार की संध्या लगभग 5:30 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने नविंदर कौर नामक महिला से खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताकर 6 लाख रुपए के गहनों की ठगी कर ली। घटना के बाद भुक्तभोगी महिला अपने परिचित के साथ मामले की शिकायत करने थाने पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने महिला के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।
मामले में सोनारी सी रोड निवासी महिला नविंदर कौर ने बताया कि वह शाम को अपनी सहेली के घर गई थी। जहां से वापस घर लौटने के क्रम में बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें जोजो पान दुकान के पास रोका। इस दौरान एक बदमाश ने खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताते हुए महिला से कहा कि शहर में छिनतई की इतनी घटनाएं हो रही है और आप सोना पहन कर घूम रहीं हैं। इसी बीच बाइक सवार बदमाशों ने वहां से गुजर रहे अपने तीसरे साथी को रोका और उसे भी गले से सोने का चेन निकालकर देने के लिए कहा। जिसके बाद बदमाशों ने उसकी चेन को एक कागज में मोड़कर देते हुए उसे पैंट की पॉकेट में रखने के लिए कहा। जिससे महिला को उनपर विश्वास हो गया। तब बदमाशों ने उन्हें भी अपने गहने उतारकर देने के लिए कहा। उनके कहे अनुसार महिला ने भी अपने गहने उतार कर दे दिए। जिसके बाद बदमाशों ने एक कागज में सारे गहने लपेटे और महिला को बैग में रखकर घर जाने की बात कही। जिसके बाद दोनों बदमाश बाइक से सोनारी मेन रोड की तरफ निकल गए।
घर पहुंचने के बाद जब महिला ने गहने पहनने के लिए बैग से कागज निकाली तो उसमें प्लास्टिक की चूड़ी मिली। महिला ने कहा की शायद कागज देने के दौरान ही बदमाशों ने उसे बदल दिया था। बदमाशों ने महिला से ढाई तोले का सोने का कड़ा, डायमंड रिंग और सोने की चेन में हीरा लगा हुआ लॉकेट की ठगी कर ली। जिसका मूल्य महिला ने 6 लाख रुपए बताया है। गनीमत यह रही कि महिला के हाथ की उंगली से एक डायमंड रिंग नहीं निकली और वही बच गई।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है। बताते चलें कि इससे पूर्व भी बदमाशों ने शहर के कई थाना क्षेत्रों में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर ठगी की घटना को अंजाम दे चुके हैं। साथ ही मामले में कई बदमाश अब भी जेल में बंद है।





