प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक स्टील फैक्ट्री में सोमवार की सुबह अचानक आग लग गई,जिसमें मौके पर कार्य कर रहे 4 मजदूर बुरी तरह झुलस गए।जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।वहीं इस अग्निकांड के बाद मजदूरों ने फैक्ट्री के समक्ष धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।वे घायलों के उचित इलाज और मुआवजे की मांग कर रहे थे।साथ ही घटना का कारण फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही बता रहे थे।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अजीडीह - उदनाबाद में स्थित शिवम स्टील कंपनी के सत्यम फैक्ट्री में लेडर गाड़ी में आग लग जाने से चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।आनन - फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि बिहार का रहने वाला एक मजदूर बबलू कुमार गंभीर रुप से झुलस गया,जिसे बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर कर दिया गया। घटना की बाबत बताया जाता है कि सोमवार को सुबह करीब सवा दस बजे सत्यम फैक्ट्री में 1 दर्जन से अधिक की संख्या में मजदूर लेडर गाड़ी से लोहा लेकर जा रहे थे।इसी दौरान लेडर गाड़ी में आग लग गयी। आग इतनी भयानक थी कि आग की ऊंची - ऊंची लपटें निकलने लगी,जिसके बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई।इस घटना में गाड़ी से लोहा लेकर जा रहे 4 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इधर मामले की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना के एसआई विकास पासवान सदल बल मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल शुरू कर दी गई।इधर आक्रोशित लोगों ने मजदूरों के साथ बाहर धरना - प्रदर्शन शुरू कर दिया और घायलों को उचित इलाज और मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।





