स्वर्णरेखा नदी को मिले राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा:बन्ना गुप्ता





गंगा की तर्ज पर नदियों के संगम दोमुहानी में भी हुई महाआरती, बनारस के पुरोहितों ने कराया संपन्न





नदी पूजन कर मंत्री ने लिया प्रण, स्वर्णरेखा नदी मंडप को दिलाएंगे अंतराष्ट्रीय पहचान





प्रतिनिधि,जमशेदपुर।हिन्दू उत्सव समिति समेत अन्य सांस्कृतिक और धार्मिक संगठनों के सहयोग से शनिवार सांकेतिक रूप से स्वर्णरेखा और खरकाई नदी के संगम सोनारी दोमुहानी में महाआरती महोत्सव का समापन पूरे धार्मिक विधि विधान और बनारस से आए पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हजारों श्रद्धालुओं की सामूहिक उपस्थिति के साथ हुआ।





इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने आरती और नदी पूजन कर वंदन किया। उनके साथ शिव शंकर सिंह, कविता परमार, पूर्व डीआईजी राजीव रंजन सिंह समेत अन्य लोग भी उपस्थित रहे।





कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि स्वर्णरेखा को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने का मांग की जाएगी। जिसके तहत वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि मां गंगा की रक्षा करने के लिए उन्होंने बेहतर प्लानिंग की रुपरेखा तैयार की है। डीसी पूर्वी सिंहभूम और टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) के सहयोग से भव्य स्वर्णरेखा आरती मंडप का निर्माण किया जाएगा। साथ ही आम नागरिकों के लिए बेहतर नागरिक सुविधाएं भी प्रदान करेंगे। इस दौरान उन्होंने स्वर्णरेखा मंडप को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रण भी लिया।





कार्यक्रम को सफल बनाने में रवि प्रकाश सिंह, अमरनाथ सिंह, सुखदेव सिंह, आरजे मनोज, संजय ठाकुर समेत विभिन्न सामाजिक संगठन के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद, शंकर रेड्डी, वॉयस ऑफ इम्यूनिटी के हरि सिंह राजपूत, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जमशेदपुर के सदस्य समेत अन्य मौजूद थे।