प्रतिनिधि,चतरा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा निर्गत निर्देश के आलोक में सड़क सुरक्षा सप्ताह 2023 अंतर्गत सोमवार को उपायुक्त अबु इमरान एवं पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के नेतृत्व में रन फॉर रोड सेफ्टी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रन फॉर रोड सेफ्टी कार्यक्रम पूर्वाहन 9:00 बजे जतराहीबाग चौक से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम तक किया गया।रन फॉर रोड सेफ्टी कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए स्वयं उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने दौड़ लगाई।





इस दौड़ कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष गुप्ता, अपर समाहर्ता पवन कुमार मंडल,अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज अंसारी, जिला परिवहन पदाधिकारी चतरा, संतोष कुमार सिंह समेत जिला एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी/कर्मी मौजूद थे। जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित करना है।





उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा सप्ताह 2023 के तहत लोगों को जागरूक करने हेतु जिला परिवहन विभाग चतरा द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान की सराहना किया। उन्होंने कहा कि आमलोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु इसी प्रकार अलग अलग तरह के व्यापक प्रचार प्रसार करें।





उपायुक्त ने मीडिया के माध्यम से आम लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सभी से अपील किया कि अपने एवं परिवार के लिए यातायात नियमों का पालन अवश्य करें। सीट-बेल्ट, हेलमेट का उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात न करें।





पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने मीडिया के माध्यम से सभी अभिभावकों से अपील किया की ड्राइविंग लाइसेंस बनने के पश्चात ही वह अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति दें। साथ ही यातायात नियमों का पालन अवश्य करें, जिससे किसी भी अप्रिय सड़क दुर्घटना जैसी चीजों से बचा जा सके।





विदित हो कि 11 जनवरी 2023 से 17 जनवरी 2023 तक सड़क सुरक्षा सप्ताह 2023 के रूप में मनाया जा रहा है। जिसे लेकर पूरे जिला स्तर पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष सिंह के नेतृत्व में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसका मुख्य उद्देश लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।