प्रतिनिधि, दुमका। जिले के कृषकों को कृषि विभाग अंतर्गत संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रेषित करने के उद्देश्य से झारखंड सरकार के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख की उपस्थिति में कन्वेंशन सेंटर में कृषि अवसंरचना कोष जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, जिले के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला एवं कृषि विभाग के निदेशक चंदन कुमार सहित अन्य द्वारा विधिवत रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम का संबोधन करते हुए मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि आज हम सभी कृषकों के लिए बहुत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। जब किसानों की बात आती है तब हमारी सरकार सबसे पहले किसानों को प्राथमिकता देती है। कृषकों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम के लिए पूरे जिला प्रशासन का धन्यवाद। किसानों को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो इसे लेकर विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में दुमका जिला कृषि क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल करने वाली है। कृषकों का आंकड़ा हमारे पास मौजूद है। आंकड़े की मदद से हम योजना बना पा रहे हैं। स्थानीय लोगों को योजनाओं से लाभान्वित कर पा रहे हैं। किसानों को मदद प्रदान करने हेतु सरकार प्रतिबद्ध है।हमें कई तरह के एग्जांपल मिलते हैं,जिससे यह पता चलता है जो किसान पहले थोड़े फसल के मालिक होते थे। अब वे बहुत जागरूक है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं। यहां पर मिल की कमी है,जिसको लेकर सरकार ने उद्योग विभाग से बात कर नहीं मिल स्थापित करने की भी बात की है। कृषक बेहतर खेती कर सके इसके लिए सरकार द्वारा सिंचाई की संपूर्ण व्यवस्था की जा रही है। किसान खेती को व्यवसाय के रूप में डेवलप करना चाहते हैं तो सरकार एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड अवेलेबल कराने का काम कर रही है। पिछले वर्ष भी है काम किया गया था, लेकिन लोगों में जागरूकता की कमी होने के कारण अधिक कृषकों को लाभ नहीं मिल पाया। इस बार चेंबर ऑफ कॉमर्स, किसान मित्र, एनजीओ व अन्य सभी लोग मिलकर मिशन मोड पर काम कर रहे हैं। ताकि योजनाओं को धरातल पर उतारा जा सके। कृषकों को बड़े पैमाने पर खेती करने हेतु सरकार बहुत बड़े सहयोग कर रही है। आप सभी जागरूक बने तथा योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय वृद्धि करें। यहां उपस्थित किसान बाहर जाकर अपने परिचित को इन सभी योजनाओं से तथा की गई बातों से अवगत कराएंगे। हम सभी के संयुक्त मेहनत से आने वाले दिनों में किसानों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करते हुए सशक्त बनाया जाएगा। कृषि अवसंरचना कोष जागरूकता अभियान कार्यक्रम छोटे एवं सीमांत किसानों के साथ-साथ उद्यमियों को बैंको से जोड़ने और कृषि बुनियादि ढाचे के विकास हेतु ऋण प्राप्त करने की योजना है।जो फसल कटाई के बाद के प्रबंधन, प्रसंस्करण और कुछ अन्य संबद्ध गतिविधियों में सहायता करती है। किसानों को सीधे उपभोक्ताओं के मांग के आधार पर कृषि उत्पाद एवं अन्य बेचने की अनुमति देने के लिए बेहतर विपणन बुनियादी ढांचे और किसानों के लिए मूल प्राप्ति में वृद्धि से किसानों की आय में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर उपस्थित कृषकों ने कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा,जिस पर उनके लिए और बेहतर व्यवस्था करने की बात मंत्री द्वारा की गई तथा उपायुक्त रविशंकर शुक्ला के द्वारा कार्यक्रम में सबंधित जानकारी उपस्थित कृषकों तक प्रेषित की गई।





