प्रतिनिधि,गिद्धौर(चतरा)। प्रखंड के मंझगांवा पंचायत स्थित सिंदुआरी कला गांव के शिव मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय रूद्र महायज्ञ का समापन बुधवार को हवन व भंडारा के साथ हो गया।बुधवार को यज्ञाचार्य कैलाश पांडे, अरविंद पांडे,मंगल पांडे,निर्मल पांडे,अमित पांडे,दीपक पांडे, रंजीत पांडे,मंदिर पुजारी बबलू पांडे द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ-साथ विधि विधान से पूजा अर्चना कर हवन का कार्य संपन्न कराया गया।
इस क्रम में हवन करने को लेकर सिंदुआरी कला गांव के साथ-साथ आस पास गांव के श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं हवन से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा। नौ दिनों तक चलने वाला यज्ञ में प्रवचन सुनने को लेकर भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। वृंदावन से आई प्रवचनकर्ता राधिका किशोरी व मोनी बाबा ने भी श्रद्धालुओं को विभिन्न सामाजिक सरोकार के साथ-साथ धार्मिक ग्रन्थ पर आधारित प्रवचन सुना कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जबकि यज्ञ मंडप परिक्रमा करने को लेकर भी महिला-पुरुष व बच्चे काफी उत्सुक दिखे।
9 दिनों तक चलने वाला रुद्र महायज्ञ से आस-पास के संपूर्ण गांव भक्ति के सागर में डूबा रहा।बुधवार को हवन भंडारे व कलश विसर्जन के साथ यज्ञ का भव्य समापन हुआ।भंडारा में महा प्रसाद ग्रहण करने को लेकर भी श्रद्धालुओं की भीड़ अच्छी खासी देखी गई। इस भंडारा में समरसता झलक रही थी।भंडारा में श्रद्धालुओं को महाप्रसाद के रूप में खीर पूरी का महाभोग परोसा गया।यज्ञ के सफल संचालन में यज्ञ समिति के साथ- साथ समाजसेवी सहित अन्य की भूमिका अहम रही।





