रांची। झारखंड हेमंत सोरेन सरकार कोरोना संक्रमण से मृत लोगों के आश्रितों को 50-50 हजार रुपये की सहयोग राशि देगी। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार जनता के सुख-दु:ख में शामिल हैं।कोरोना से मृत लोगों की कमी को तो हम पूरी नहीं कर सकते हैं, लेकिन इस दु:ख की घड़ी में राज्य सरकार सभी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण मृत व्यक्तियों के परिजनों को राज्य आपदा प्रबंधन विभाग कोष से 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी। इसके लिए राज्य के सभी डीसी को राशि वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।राज्य के सभी जिलों के लिए अभी 25 करोड़ 66 लाख 50 हजार रुपये की राशि आवंटित कर दी गयी है।सभी डीसी को निर्देश दिया गया है कि अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए सभी आश्रितों के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कराना सुनिश्चित करें।

आपको बता दें कि राज्य में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से 5141 लाेगों की मौत हो चुकी है। इसमें सबसे अधिक राजधानी रांची में 1585 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं पूर्वी सिंहभूम में 1048 लोगों की मौत हो चुकी है।वर्तमान में राज्य में मात्र 136 एक्टिव केस बचे हैं।

जानें जिलावार कोरोना से मृत लोगों की संख्या
जिला : मृतकों की संख्या
रांची : 1585
पूर्वी सिंहभूम : 1048
धनबाद : 382
बोकारो : 286
रामगढ़ : 197
हजारीबाग : 186
कोडरमा : 136
पश्चिमी सिंहभूम : 133
गिरिडीह : 130
देवघर : 114
पलामू : 110
खूंटी : 96
गढ़वा : 94
सिमडेगा : 92
लोहरदगा : 88
गोड्डा : 87
सरायकेला-खरसावां : 67
जामताड़ा : 61
लातेहार : 57
चतरा : 53
दुमका : 47
साहिबगंज : 42
गुमला : 38
पाकुड़ : 12