पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,लातेहार।केंद्रीय मंत्री और लोजपा रामविलास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान सोमवार को लातेहार में आयोजित हुंकार रैली में जमकर गरजे। इस दौरान उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड की जनता को शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड को विकसित राज्य बनाना उनके पिता का सपना था जिसे वे साकार करेंगे।दरअसल लातेहार जिला मुख्यालय में लोजपा पार्टी की ओर से हुंकार रैली का आयोजन किया गया। रैली में मुख्य अतिथि के तौर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान शामिल हुए।





इस मौके पर संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि पिछले 5 साल झारखंड के युवाओं के थे। इस युवा में झारखंड के विकास की अपार संभावनाएं थीं,लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड राज्य के विकास में पूरी तरह से अवरोध खड़ा कर दिया। वर्तमान सरकार द्वारा चुनाव से पहले जनता से किए गए वादों को पूरा करने की बजाय सरकार में शामिल लोग अपने स्वार्थों को पूरा करने में लगे रहे। उन्होंने कहा कि हद तो तब हो गई जब भ्रष्टाचार के आरोप में मुख्यमंत्री को भी जेल जाना पड़ा। मुख्यमंत्री के अलावा कई अन्य मंत्री और अधिकारियों को भी भ्रष्टाचार के मामले में जेल जाना पड़ा है। इस पूरी घटना से झारखंड की जनता पूरी दुनिया में शर्मसार हुई है। उन्होंने कहा कि झारखंड के वर्तमान शिक्षा मंत्री लातेहार जिले के प्रतिनिधि हैं। इसके बाद भी आज तक लातेहार जिले में शिक्षा व्यवस्था सबसे बदतर है। जनता किससे पूछे कि चुनाव से पहले किए गए वादों का क्या हुआ।





चिराग पासवान ने संबोधित करते हुए कहा कि उनके पिता रामविलास पासवान ने विकसित झारखंड का सपना देखा था। उन्होंने कहा कि मैं संकल्प लेता हूं कि झारखंड राज्य को देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल करूंगा,लेकिन इसके लिए राज्य के युवाओं को एकजुट होकर राज्य के विकास में सहयोग करना होगा। जो लोग लूट और नफरत की राजनीति करते हैं, उन्हें सबक सिखाना होगा। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ दो जातियां हैं, एक अमीर और दूसरी गरीब। उनका पहला उद्देश्य गरीबों को सशक्त बनाना है, चाहे उनकी जाति, धर्म या पंथ कुछ भी हो। उनके पिता ने सबको साथ लेकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की।







बिहार के जमुई सांसद अरुण भारती, सांसद राजेश वर्मा, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान, जिला अध्यक्ष राजेंद्र पासवान समेत अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान वक्ताओं ने झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम के दौरान बिहार के प्रसिद्ध लोकगीत कलाकार भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने संगीत से मौजूद लोगों का खूब मनोरंजन किया।