संपादकीय- डिजिटल नियंत्रण ढांचाः चुप्पी की ओर बढ़ता लोकतंत्र

आज के डिजिटल युग में पत्रकारिता ने अपनी सबसे जीवंत और लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति सोशल मीडिया और यूट्यूब जैसे मंचों पर पाई है। यह वह क्षेत्र था जहां सीमित संसाधनों वाला एक स्वतंत्र पत्रकार भी सत्ता से सवाल कर सकता था, और नागरिक बिना किसी मध्यस्थ के अपनी बात रख सकता था।

15 Apr 2026  |  27

आज के डिजिटल युग में पत्रकारिता ने अपनी सबसे जीवंत और लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति सोशल मीडिया और यूट्यूब जैसे मंचों पर पाई है। यह वह क्षेत्र था जहां सीमित संसाधनों वाला एक स्वतंत्र पत्रकार भी सत्ता से सवाल कर सकता था, और नागरिक बिना किसी मध्यस्थ के अपनी बात रख सकता था। लेकिन अब प्रस्तावित डिजिटल नियंत्रण ढांचा इस स्वाभाविक स्वतंत्रता के चारों ओर एक अदृश्य परंतु सख्त घेरा खींचता हुआ दिखाई देता है। सरकार द्वारा लाए जा रहे नियमों का उद्देश्य भले ही फेक न्यूज़, डीपफेक और डिजिटल अराजकता पर नियंत्रण बताया जा रहा हो, लेकिन इसके व्यावहारिक परिणाम कहीं अधिक जटिल और चिंताजनक हो सकते हैं। 'तीन घंटे में कंटेंट हटाने' जैसे प्रावधान प्लेटफॉर्म्स को विवश करेंगे कि वे किसी भी विवादित सामग्री को बिना पर्याप्त जांच के हटा दें। यह स्थिति पत्रकारिता के उस मूल सिद्धांत के विपरीत है, जहां तथ्यों की पुष्टि और बहस का समय आवश्यक होता है। परिणामस्वरूप, प्लेटफॉर्म 'सुरक्षित' रहने के लिए आलोचनात्मक और असुविधाजनक सामग्री को भी हटाने लगेंगे।
यहीं से पत्रकारिता पर दबाव का वास्तविक तंत्र शुरू होता है। यह दबाव प्रत्यक्ष सेंसरशिप के रूप में नहीं, बल्कि एक 'चिलिंग इफेक्ट' के रूप में सामने आएगा- जहां पत्रकार स्वयं ही अपने विषयों और भाषा को सीमित करने लगेंगे। सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना, वैकल्पिक दृष्टिकोण, या संवेदनशील मुद्दों पर रिपोर्टिंग धीरे-धीरे कम होती जाएगी। ऊपर से सब कुछ सामान्य दिखेगा, लेकिन भीतर ही भीतर अभिव्यक्ति की धार कुंद हो चुकी होगी।
सबसे गंभीर चिंता यह है कि ऐसे कानून ' टारगेटेड सप्रेशन' के उपकरण में बदल सकते हैं। जब 'आपत्तिजनक' या 'भ्रामक' सामग्री की परिभाषा अस्पष्ट हो, तो उसका उपयोग चयनात्मक रूप से किया जा सकता है। सत्ता के अनुकूल कथानक सुरक्षित रहेंगे, जबकि असहज सवाल उठाने वाली आवाज़ें अधिक जांच और कार्रवाई के दायरे में आएंगी। यह प्रवृत्ति लोकतंत्र के उस मूल तत्व को कमजोर करती है, जिसमें असहमति को स्थान दिया जाता है।
अंततः प्रश्न यह नहीं है कि कानून क्यों लाया जा रहा है, बल्कि यह है कि वह किस दिशा में समाज को ले जाएगा। यदि नियंत्रण का यह ढांचा संतुलित और पारदर्शी नहीं रहा, तो डिजिटल भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एक अधिकार कम और एक नियंत्रित विशेषाधिकार अधिक बनकर रह जाएगी।