झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में पांच रुपये के मास्क के लिए लोगों को 58 लाख रूपये भरना पड़ा है।ये रूपये मास्क चेकिंग के वक्त जुर्माने के तौर पर वसूल की गई है।ये कार्रवाई पूर्वी सिंहभूम यातायात पुलिस ने की है। 22 अप्रैल से जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का नाम देकर मिनी लॉकडाउन लागू हुआ। उसके बाद शहर में पुलिस ने व्यापक कार्रवाई शुरू हुई। 28 जगहों पर पुलिस ने जांच के लिए बैरियर लगाए गये और इसके लिए पांच यातायात पुलिस को लगाया गया।वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से चेकिंग में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि अगर उनकी औचक जांच में एक भी व्यक्ति बिना मास्क लगाए बैरियर पार करते हुए मिला तो उस इकाई के प्रभारी को निलंबित कर दिया जाएगा।
पुलिस के इस सख्त रवैये का परिणाम ये था कि 126 दिनों तक लगातार चले इस अभियान में 58 लाख रूपये का जुर्माना लोगों ने भरा है।जुर्माना भरने वाले लोग ऐसे थे जिनको पुलिस की कार्रवाई का भय नहीं था और बिना मास्क लगाए हुए घूम रहे थे।पुलिस ने 126 दिनों में 12,600 लोगों को बिना मास्क लगाए हुए पकड़ा। मतलब कि हर दिन पकड़े गए औसतन 100 लोग ऐसे थे, जिनको न तो पुलिस की परवाह थी और न ही संक्रमण के फैलने का डर था।
डीएसपी यातायात बबन सिंह ने बताया वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना मास्क लगाए हुए कोई भी न घूमे। इस लिए हेलमेट जांच के साथ ही मास्क जांच को भी अनिवार्य किया गया। तमाम चेकिंग प्वाइंट पर आने जाने वालों की चेकिंग की गई।चाहे व्यक्ति मोटर साइकिल से हो या फिर कार से सबकी जांच हुई। यह कार्रवाई अभी जारी रहेगी।





