बॉलीवुड के मशहूर और दिग्गज फिल्ममेकर संजय गुप्ता का शनिवार को निधन हो गया। उनके अचानक दुनिया छोड़ जाने की खबर ने पूरी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार सुबह जैसे ही उनके निधन की दुखद खबर सामने आई, बॉलीवुड सितारों और उनके करीबियों में शोक की लहर दौड़ गई। खबर मिलते ही कई जाने-माने कलाकार और निर्माता-निर्देशक मुंबई स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
रोनित रॉय और भाई रोहित रॉय हुए बेहद भावुक
संजय गुप्ता के निधन की खबर मिलते ही उनके सबसे करीबी दोस्तों में शामिल अभिनेता रोनित रॉय अपने भाई रोहित रॉय के साथ सबसे पहले उनके घर पहुंचे। इस दौरान दोनों भाई अपने आंसू रोक नहीं पाए और फूट-फूटकर रोते नजर आए।
रोनित और रोहित का एक भावुक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दोनों बेहद गमगीन दिखाई दे रहे हैं। गौरतलब है कि रोनित रॉय और संजय गुप्ता के बीच काफी गहरी दोस्ती थी; दोनों ने ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘काबिल’ जैसी कई हिट फिल्मों में एक साथ काम किया था।
अंतिम दर्शन करने पहुंचे दिग्गज सितारे
संजय गुप्ता के घर पर बॉलीवुड के कई प्रमुख चेहरे उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। फिल्ममेकर मिलाप जावेरी भी वहां पहुंचे और अपने आंसू रोक नहीं पाए, जिन्हें वहां मौजूद दोस्तों और रिश्तेदारों ने संभाला। इसके अलावा दिग्गज निर्माता-निर्देशक राकेश रोशन, अभिनेता सुधांशु पांडे और अशोक पंडित ने भी संजय गुप्ता के आवास पर पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, संजय गुप्ता का अंतिम संस्कार शनिवार शाम 7:30 बजे वर्सोवा स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा।
इसे भी पढ़ेंः मुंबई में हड़कंप: मेयर ऋतु तावड़े, अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज
संजय गुप्ता के असामयिक निधन के मामले में वर्सोवा पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर ली है। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह निधन की सूचना मिलने के बाद जब घर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो पाया गया कि रात करीब 2 बजे संजय गुप्ता अपने ड्राइंग रूम में बैठे थे। इसके बाद जब वे किचन की तरफ जाने लगे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे दीवार से टकराकर नीचे गिर पड़े। पुलिस फिलहाल घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।
#SanjayGupta #SanjayGuptaDeath #BollywoodNews #RonitRoy #RohitRoy #BreakingNews #VersovaPolice #BollywoodTribute #RIPSeanjayGupta #CinemaUpdate





