रांची।झारखंड में छह दिनों तक चला सियासी घमासान के बाद सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन के विधायक सोमवार को अपने-अपने घर लौट गए। इससे पहले संप्रग के विधायकों ने विधानसभा के विशेष सत्र में हिस्सा लिया,जहां हेमंत सोरेन सरकार ने विश्वास मत हासिल किया।
आपको बता दें कि संप्रग ने 30 अगस्त को अपने विधायकों को कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक रिजॉर्ट में भेज दिया था, क्योंकि झारखंड मुक्ति मोर्चा को ये आशंका थी कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में उसकी सरकार गिराने की कोशिश के तहत झामुमो और सहयोगी दल कांग्रेस के विधायकों को अपने पाले में करने का प्रयास कर सकती है।
संप्रग के विधायक विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने के लिए रायपुर से रविवार शाम राजधानी रांची लौटे और रात में सर्किट हाउस में ठहरे। सोमवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के बाद विधायक बसों में सवार होकर वापस सर्किट हाउस पहुंचे और मुख्यमंत्री के साथ दोपहर का भोजन किया।





