नई दिल्ली: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन, भ्रामक लेबलिंग और भ्रामक विज्ञापन दावों को लेकर कई बड़ी कंपनियों के खिलाफ कड़ी प्रवर्तन (Enforcement) कार्रवाई शुरू की है। इस कार्रवाई की जद में क्विक कॉमर्स कंपनी जेप्टो (Zepto), स्टोरिया फूड्स एंड बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड, बाकेलाइट, हेल्दीहे फूड्स एलएलपी और बीएमएस लाइफसाइंस लिमिटेड जैसी प्रमुख कंपनियां आई हैं। नियामक ने स्पष्ट कर दिया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और हितों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

जेप्टो को एक्सपायर्ड बेसन पर क्यों मिला नोटिस?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक उपभोक्ता द्वारा की गई गंभीर शिकायत के बाद FSSAI ने जेप्टो मार्केटप्लेस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ यह कदम उठाया है।

  • क्या था मामला: उपभोक्ता को जेप्टो के जरिए बेसन के दो पैकेट डिलीवर किए गए थे, जिन पर 'इस्तेमाल की अंतिम तिथि' (Expiry Date) 12 सितंबर 2026 दर्ज थी। हैरानी की बात यह है कि ये उत्पाद डिलीवरी के समय पहले ही एक्सपायर हो चुके थे।
  • FSSAI की मांग: नियामक संस्था ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए जेप्टो को इस शिकायत को तुरंत सत्यापित करने का निर्देश दिया है। कंपनी को अपने ऑर्डर, डिलीवरी, वेयरहाउस, विक्रेता और उत्पाद से जुड़े सभी दस्तावेज व विवरण प्रस्तुत करने होंगे।
  • सुधारात्मक कदम: जेप्टो से यह भी पूछा गया है कि आखिर एक्सपायर्ड उत्पाद डिलीवर कैसे हुआ? इसके साथ ही कंपनी को प्रभावित स्टॉक की वापसी, ग्राहकों को रिफंड जारी करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए गए सुधारात्मक कदमों का लिखित जवाब देना होगा।

इसे भी पढ़ेंः क्विक कॉमर्स कंपनियों पर शिकंजा कसेगा FSSAI, सख्त होंगे खाद्य सुरक्षा नियम

स्टोरिया फूड्स समेत अन्य कंपनियों पर भी शिकंजा

FSSAI ने केवल जेप्टो ही नहीं, बल्कि स्टोरिया फूड्स एंड बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी न्यायिक कार्रवाई की मंजूरी दे दी है। यह कार्रवाई कंपनी द्वारा अपने उत्पादों के विज्ञापनों में किए गए भ्रामक दावों से जुड़ी हुई है।

FSSAI ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों (FBOs) को 'खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006' के नियमों का पूरी सख्ती से पालन करना होगा। उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और लेबलिंग में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

#FSSAI #Zepto #FoodSafety #StoreriaFoods #ConsumerRights #RegulatoryAction #BusinessNews #BreakingNews #FoodStandards