चेन्नई/नई दिल्ली: ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सफर के दौरान मोबाइल फोन पर तेज आवाज में गाने सुनने, रील या वीडियो देखने वाले यात्रियों के लिए अब मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। सह-यात्रियों को होने वाली इस रोजमर्रा की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए दक्षिण रेलवे ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की है। यदि अब किसी ने ट्रेन या स्टेशन परिसर में दूसरों की शांति में खलल डाला, तो उसे भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है।
₹1,000 का जुर्माना और ट्रेन से बाहर निकालने का प्रावधान
सस्ते इंटरनेट और स्मार्टफोन के बढ़ते उपयोग के कारण ट्रेनों में स्पीकर पर तेज आवाज में मीडिया चलाना आम समस्या बन चुका है। इसे रोकने के लिए दक्षिण रेलवे ने अपने सभी मंडलों को कड़े निर्देश दिए हैं।
- तत्काल कार्रवाई: रेलवे नियमों के मुताबिक, ट्रेन में तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ (TTE) और वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर ही ₹1,000 का जुर्माना लगाने का पूरा अधिकार दिया गया है।
- सफर से बेदखली: जुर्माना लगाने के साथ-साथ उपद्रवी यात्रियों को ट्रेन या रेलवे स्टेशन से बाहर भी निकाला जा सकता है।
- जेल की सजा: यदि कोई यात्री चेतावनी के बाद भी अपनी हरकत से बाज नहीं आता और बार-बार नियम तोड़ता है, तो उसे ₹5,000 तक का जुर्माना या 6 महीने तक की कैद (या दोनों) हो सकती है।
इसे भी पढ़ेंः राजनाथ सिंह की कड़ी चेतावनी: "पाकिस्तान से हुआ अगला आतंकी हमला तो मिलेगा पहले से भी कड़ा जवाब"
अन्य जोन्स और मेट्रो में भी लागू हो सकता है नियम
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 'जन विश्वास अधिनियम' के तहत संशोधित रेलवे एक्ट के तहत सार्वजनिक उपद्रव और तेज आवाज में बात करने या गाने बजाने पर यह पाबंदी लगाई गई है। इस सख्ती को जल्द ही देश के अन्य रेलवे जोनों और मेट्रो रेल नेटवर्क में भी कड़ाई से लागू किया जा सकता है, क्योंकि मेट्रो में पहले से ही सह-यात्रियों को परेशान करने पर जुर्माना और बेदखली के नियम मौजूद हैं।
जागरूकता अभियान और यात्रियों से अपील
इस समस्या से निपटने के लिए रेलवे सिर्फ जुर्माने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्टेशनों और ट्रेनों में बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान भी चलाएगा। इसके तहत हिंदी, अंग्रेजी और विभिन्न स्थानीय भाषाओं में पब्लिक एड्रेस सिस्टम (घोषणा प्रणाली) के जरिए यात्रियों से लगातार अपील की जाएगी कि वे सफर के दौरान इयरफोन या हेडफोन का ही इस्तेमाल करें और फोन पर भी तेज आवाज में बात करने से बचें।
#SouthernRailway #IndianRailways #TrainTravel #PublicNuisance #MobileEtiquette #RailwayRules #TravelNews #BreakingNews #GeneralAwareness





