नई दिल्ली:
देश की राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह उस वक्त सियासी सरगर्मियां तेज हो गईं, जब आईटीओ (ITO) और फिरोजशाह रोड सहित कई प्रमुख वीआईपी इलाकों में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के पोस्टर नजर आए. इन पोस्टर्स पर बड़े अक्षरों में राहुल गांधी को 'गुमशुदा' बताया गया है. चौंकाने वाली बात यह है कि पोस्टर लगाने वाले प्रकाशक या संगठन का नाम इसमें दर्ज नहीं है, जिससे यह रहस्य गहरा गया है कि आखिरकार ये पोस्टर किसने लगवाए हैं.
बीजेपी के हमलों के बीच सामने आए पोस्टर
ये विवादित पोस्टर ऐसे समय में सामने आए हैं, जब केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित विदेश यात्राओं को लेकर उन पर लगातार हमलावर है. बीजेपी ने एक दिन पहले ही आरोप लगाया था कि जब भी देश, संसद या खुद कांग्रेस पार्टी को संगठनात्मक स्तर पर राहुल गांधी की जरूरत होती है, वह देश छोड़कर 'एक और विदेश यात्रा' पर निकल जाते हैं.
'Leader of Opposition' नहीं, वह तो 'Leader of Paryatan' हैं: शहजाद पूनावाला
राहुल गांधी के इन पोस्टर्स के सामने आने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस नेता पर चौतरफा हमला बोला. एक वीडियो बयान जारी कर पूनावाला ने तीखे लहजे में कहा कि राहुल गांधी के लिए LoP का मतलब 'Leader of the Opposition' (विपक्ष के नेता) नहीं, बल्कि 'Leader of Paryatan and Partying' (पर्यटन और पार्टी करने वाले नेता) होना चाहिए.
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा:
राहुल गांधी अपनी राजनीतिक और संवैधानिक जिम्मेदारियों से ज्यादा अपनी विदेश यात्राओं और घूमने-फिरने को अहमियत देते हैं.
वे जनता, संसद या देश के मुद्दों को कभी प्राथमिकता नहीं देते.
जब भी संसद का सत्र चल रहा होता है या पार्टी को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है, वे हमेशा छुट्टियों के मूड में रहते हैं और बाहर चले जाते हैं.
पीएम मोदी और राहुल गांधी के 'वर्क कल्चर' की तुलना
प्रेस वार्ता के दौरान शहजाद पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के काम करने के तरीकों की तुलना भी की. उन्होंने दावा किया कि लगातार छुट्टियों पर रहने के कारण राहुल गांधी देश के 'सबसे लंबे समय तक विपक्ष के नेता' बने रह सकते हैं.
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा:
"एक तरफ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जो मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर सरकार के प्रमुख रहते हुए 9,000 से अधिक दिनों से लगातार काम कर रहे हैं और उन्होंने आज तक एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली है। इसे सेवा भाव और काम के प्रति निष्ठा कहते हैं। वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी हैं, जो सिर्फ और सिर्फ छुट्टियों पर रहने के आदी हैं।"
फिलहाल दिल्ली पुलिस और स्थानीय प्रशासन इन अज्ञात पोस्टर्स की जांच कर रहे हैं, लेकिन इस घटनाक्रम ने मानसून सत्र से ठीक पहले सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग को और ज्यादा तेज कर दिया है।





