दुमका। झारखंड के दुमका में एक आदिवासी लड़की की दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर शव को पेड़ पर लटका देने को लेकर आदिवासियों में भारी आक्रोश है।रविवार को कई आदिवासी संगठनों के लोग सड़क पर उतरे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका।इस दौरान पुलिस प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की।शहर में कैंडल मार्च निकाल कर सोमवार को दुमका बंद का आह्वान किया।





आदिवासी संगठनों द्वारा दुमका बंद के आह्वान पर बजरंग दल सहित कई संगठनों ने समर्थन का ऐलान किया है।कैंडल मार्च सिदो कान्हु चौक से शुरू हुआ और टीन बाजार होते हुए बस पड़ाव पहुंचा।उसके बाद वापस सिदो कान्हु चौक पहुंचा।छात्र नेता श्यामदेव हेम्ब्रम ने कहा कि सोमवार को पूरा दुमका बंद रहेगा। 15 दिनों में आरोपी अरमान अंसारी को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से फांसी की सजा सहित हमारी 7 सूत्री मांगें पूरी नहीं हुईं तो राज्य में चक्का जाम करेंगे एवं आर्थिक नाकेबंदी करेंगे।





पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने दुमका में हुई क्रूर घटना की एनआईए जांच की मांग की है। रविवार को पीड़िता के परिजनों से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में बाबूलाल ने दुमका के एसडीपीओ नूर मुस्तफा को हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की।





आदिवासी नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी पीड़िता के रानेश्वर स्थित गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।पीड़िता के परिजन झोपड़ी में रहते हैं। बालूलाल ने पीड़िता के परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाते हुए बाबूलाल ने कहा कि आपको हम लोग न्याय दिला कर रहेंगे।





पीड़िता के बीमार माता-पिता ने बाबूलाल को बताया कि गरीबी के कारण बच्ची अपनी मौसी के घर पर रह कर मजदूरी का काम करती थी।बाबूलाल ने मृतक के कुछ रिश्तेदारों से भी बातचीत की। एक रिश्तेदार ने बताया कि वह राजमिस्त्री अरमान अंसारी साथ काम करती थी। अरमान ने उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। कसम खा कर अरमान अंसारी ने कहा कि उससे शादी करेगा।





बाबूलाल मरांडी ने पत्रकारों को बताया कि जब किशोरी गर्भवती हो गई तो सुनियोजित षडयंत्र कर उसकी हत्या कर दी और उसे फांसी पर लटका दिया। बाबूलाल ने बताया कि गांव के लोगों का कहना है कि आत्महत्या के केस में जीभ बाहर निकल जाती है। पर इस केस में ऐसा कुछ नहीं था। लगता है इसे पहले से मार कर फांसी पर लटका दिया गया था।





पुलिस बल तैनात





मृतक नाबालिग लड़की के घर पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। रविवार को मुख्य सड़क पर काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। जीवनपुर मोड़,बोरा डंगाल,रघुनाथपुर मोड़,रानेश्वर में पुलिस बल तैनात किया गया था। सीओ अतुल रंजन भगत और थाना प्रभारी संजय कुमार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।