वरीय संवाददाता,रांची/बड़कागांव। विधायक अंबा प्रसाद के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को झारखंड राज्य टेट सहायक अध्यापक समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर सहायक अध्यापकों (पारा शिक्षकों) को वेतनमान देने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए विधायक ने कहा कि राज्य के सहायक अध्यापक(पारा शिक्षक) लगभग 20 वर्षों से अपनी सेवा देते आ रहे हैं परंतु सहायक अध्यापकों को वेतनमान नहीं दिया जा रहा है।जबकि टेट पास सहायक अध्यापक एनसीटीई एवं एनईपी के तमाम अहर्ताएं पूरी करते हैं।
विदित हो कि इस संदर्भ में राज्य के महाधिवक्ता ने लिखित राय भी सरकार को सौंपी है कि जेटेट पास सहायक अध्यापकों (पारा शिक्षकों) को मानदेय दिया जा सकता है और इसमें कोई विधिक अड़चन भी नहीं है। इस मामले को विधानसभा के सत्र में अंबा प्रसाद ने भी उठाया है।मौके पर मनोज शर्मा, सीमांत घोषाल, मिथिलेश उपाध्याय, मोहन मंडल, प्रमोद कुमार, महेश मेहता मौजूद थे।





