रांची।नगर निगम से अब किराएदार भी पानी का कनेक्शन ले सकते है।बीपीएल कार्डधारको को फ्री में कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा और साथ ही घरेलू वाटर कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं से पांच लीटर तक किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।रांची नगर निगम ने इस संबंध में नई जल संयोजन नियमावली 2020 को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।नियामवली में जनहित को देखते हुए कई सारी सुविधाएं भी दी गई हैं, साथ ही इसे और भी सुलभ व पारदर्शी बनाया गया है। इसके लागू होने के बाद अब पानी के कनेक्शन के लिए आवेदन देने वालों या इससे जुड़ी शिकायतों का निष्पादन 24 घंटे के अंदर कर दिया जाएगा।
इस नई व्यवस्था से पानी का कनेक्शन लेने में आने वाली परेशानी दूर हो जाएगी।पहले सिर्फ होल्डिंग के आधार पर ही जल संयोजन दिया जाता था, जिसके कारण जिन घरों के पास किसी कारण वश होल्डिंग नहीं होती थी, उन घरों में या किराए में रह रहे लोगों को पानी का कनेक्शन लेने में कठिनाई होती थी। लेकिन अब किराएदारों को आधार कार्ड व बिजली बिल से पानी का कनेक्शन देने का प्रविधान किया गया है। इससे किरायेदारों को काफी राहत मिलेगी।कई मकान मालिकों ने पानी का कनेक्शन नही लिया है। वो घर को किराये पर देकर बाहर रहते हैं। मोटर खराब होने पर किराएदारों को काफी परेशानी होती है। लेकिन अब वे पानी के लिए कनेक्शन ले सकेंगे।
नई नियमावली में पहले की तरह ही सभी जल उपभोक्ताओं को वाटर मीटर का प्रयोग करना होगा। उपभोक्ता जितना पानी का इस्तेमाल करेगा, उसी का भुगतान करेना होगा। पांच लीटर के बाद बीपीएल उपभोक्ताओं को 4.5 प्रति लीटर व अन्य उपभोक्ताओं को नौ रुपए प्रति लीटर जल विपत्र देना होगा। इस निर्णय से बीपीएल कार्ड धारी उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।उन्हें शुद्ध पेयजल मिल सकेगा।





