प्रतिनिधि, लातेहार। अब जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर किसी भी दोपहिया वाहन चालक को बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं मिलेगा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर जिले भर में नो हेलमेट, नो पेट्रोल का अभियान शुरू किया गया है। एसपी के इस आदेश के आलोक में थाना प्रभारियों के द्वारा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित पेट्रोल पंप के मैनेजर को पत्र लिखकर इसे सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है। समय-समय पर इसकी मॉनिटरिंग भी की जायेगी।





एसपी के इस निर्देश के बावजूद अगर कोई पेट्रोल पंप संचालक बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल देगा तो उस पंप संचालक पर भी कार्रवाई होगी। पत्र के माध्यम से सभी पेट्रोल पंप संचालकों को नो हेलमेट, नो पेट्रोल अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया गया है।





एसपी ने आम लोगों से बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन लेकर घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। साथ ही बाइक से जुड़े सभी दस्तावेज भी अपने पास रखने की अपील की है।