रांची।झारखंड में दुर्गा पूजा पर बारिश की संभावना हैं। महासप्तमी से लेकर महादशमी तक राज्य के ऊपर घने बादल छाए रहेंगे। 2 अक्तूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की-फुल्की बारिश होगी,लेकिन 3 वह 4 अक्तूबर (महाअष्टमी-महानवमी) को राजधानी रांची और अन्य जगहों पर दिनभर बारिश होने की संभावना है। महाअष्टमी 3 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।सिस्टम कमजोर होने के बाद भी महादशमी के दिन भी बादल छाए रहेंगे। इस दिन भी एक-दो बार बारिश होने की संभावना है।





मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तरी-पूर्वी भाग पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण इसका असर अगले 24 घंटों के बाद पड़ना शुरू हो जाएगा। इसके उत्तर पूर्व दिशा में बढ़ने के कारण पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र से सटे संताल परगना समेत राज्य के पूर्वी हिस्से में अच्छी बारिश होने की संभावना है।





राज्य के पश्चिम बंगाल और ओडिशा के पास राज्य के हर हिस्से में अच्छी बारिश होगी। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में बारिश हुई। इस दौरान हजारीबाग के हेंदेगीर में सबसे अधिक 82.2 मिमी बारिश हुई।खूंटी में 35.0, बोकारो में 23.6, कोडरमा में 22.4, सरायकेला-खरसावां में 20.0, रामगढ़ में 14.4. जमशेदपुर में14.0, लोहरदगा में13.5 मिमी बारिश हुई। अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।





राज्य में इस मानसून सीजन 1 जून से 30 सितंबर तक 817.9 मिमी बारिश हुई है। यह सामान्य बारिश 1022.9 मिमी से 20 फीसदी कम है। राज्य में पूर्वी सिंहभूम और रांची में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। जबकि अन्य जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई हुई है। राजधानी में इस मानसून के दौरान 1076.4 मिमी बारिश हुई, जो कि इसी अवधि की सामान्य वर्षापात 1027.7 मिमी से पांच फीसदी अधिक है।





मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि देश से मानसून के जाने का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में झारखंड में भी बारिश होती है। शनिवार को बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनकर तैयार होगा। इसका अगले 24 घंटों के बाद प्रभाव शुरू हो जाएगा।