वाराणासी।गुरूवार की रात रोहनिया थाना क्षेत्र के कन्नाडाड़ी स्थित ओवरब्रिज पर लगभग आठ बजे बाइक सवार बदमाशों ने किराना व्यापारी की सरेराह ताबड़तोड़ फायरिंग कर गोली मारकर हत्या कर दी।मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवारोड क्षेत्र के ठठरा तमाचाबाद निवासी 45 वर्षीय राजेश जायसवाल उर्फ खन्ना घटनास्थल से दो सौ मीटर दूर भदवर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती सास के लिए खाना लेकर जा रहे थे। इस बीच बाइक से पहुंचे बदमाशों ने रोका और सीने में ताबड़तोड़ गोली उतार दी। राजेश जायसवाल लाल रंग की बाइक से घर से झोले में खाना लेकर निकले थे। कन्नाडाड़ी स्थित ओवरब्रिज पर पहुंचे होंगे। तभी बदमाशों ने रोका और सीने में गोली मार दी। राजेश के सीने और बाएं हाथ में चार गोली लगी है। घटनास्थल पर उनकी मौत हो गई। घटना के कुछ देर बाद एनएच पर गिरे राजेश जायसवाल को उनके एक परिचित ने पहचान लिया। उसने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर रोहनिया पुलिस पहुंची और राजेश को लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंची, जहां उन्हें मृत बता दिया गया। पुलिस को मौके से चार खोखे मिले हैं। घटनास्थल पर एसपी ग्रामीण अमित वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नीरज पांडेय व अन्य अधिकारी पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना किया। बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। किसी पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि ओवरटेक कर सीधे गोली मारने के बजाय रोककर बातचीत के दौरान गोली मारने की आशंका है। हत्या करने वाले हो सकता है कि परिचित रहे हों। अगर ओवरटेक कर सीधे गोली मारी गई होती तो गिरने से चोट के निशान भी मिलते। राजेश के शरीर पर केवल गोली के निशान मिले हैं। हालांकि फोरेंसिक टीम की जांच व पुलिस की छानबीन के बाद स्पष्ट हो सकेगा। घटना में एक या दो बाइक से बदमाश थे, पता किया जा रहा है। घटनास्थल पर पहुंचे राजेश के बेटे करण का कहना था कि नानी उर्मिला देवी के लिए खाना वह अपनी मां साधना देवी के साथ लेकर आने वाला था। इस पर पिताजी ने कहा कि वह आज खाना लेकर जा रहे हैं, इसके बाद आप लोग जाना। क्या पता था कि यह पिताजी का आखिरी दिन था। यह कहते-कहते बेटा फफक पड़ा। बताया कि पिताजी बेहद सीधे-साधे थे। किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाये। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये। कई दुकानें बंद हो चुकी थीं। पुलिस शुक्रवार को आसपास की दुकानों की सीसीटीवी कैमरे देखेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार कछवांरोड मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठठरा तमाचाबाद निवासी राजेश की किराने की दुकान है और आटा चक्की भी चलवाते हैं।घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गये। ग्रामीणों के अनुसार राजेश मिलनसार व व्यवहारिक थे। किसी से भी किसी तरह की दुश्मनी नहीं थी। स्व.भोला साव के दो बेटो में राजेश छोटे थे। बड़ा भाई विजय हैं। दोनों की अपनी अलग अलग किराना की दुकान चलाते थे। राजेश को दो संतान हैं। बेटा करण और बेटी आंचल है। घटना की सूचना पर मिर्जामुराद थाना प्रभारी राजेश के घर पहुंचे। परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की।