हजारीबाग।झारखंड के हजारीबाग में एक दिलचस्प घटना सामने आई है।दनुआ गांव एक लंगूर पिछले पांच दिन से स्कूल में पढ़ने के लिए आ रहा है।लंगूर बच्चों के साथ बैठकर ठीक उसी तरह टीचर की पूरी बात सुनता है जैसे सचमुच छात्र हो। सोशल मीडिया पर लंगूर के क्लास लेने का वीडियो वायरल है। लोग तरह-तरह के कॉमेंट कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में लंगूर क्लास में पढ़ाई करता हुआ दिख रहा है।ये वीडियो हजारीबाग जिले के अपग्रेडेड प्लस टू हाई स्कूल दनुआ गांव का है। स्कूल स्टाफ ने बताया कि एक लंगूर अचानक स्कूल में आ गया। पहले दिन उसने सातवीं क्लास में आगे की बेंच पर बैठकर पूरी क्लास की। वह ध्यान से टीचर की बातें सुनता रहा। उसने किसी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं की।मंगलवार को भी वह स्कूल में आया और 9वीं क्लास में बैठा।
स्कूल स्टाफ ने बताया कि लंगूर पिछले 5 दिन से सुबह ही स्कूल पहुंच जाता है। हालांकि, बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित प्रिंसिपल रतन कुमार वर्मा ने वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। वन विभाग की एक टीम ने लंगूर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे। इस दौरान लंगूर जंगल की ओर चला गया।





