गाजियाबाद।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार गाजियाबाद वासियों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं।पीएम मोदी कमला नेहरू नगर में 381 करोड़ की लागत से तैयार किए ग‌ए राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान का गोवा से शाम 4:10बजे वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। बता दें कि 200 बेड वाला उत्तर भारत का यह पहला राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान है।उद्धघाटन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।पीएम मोदी आज गाजियाबाद के अलावा दिल्ली और गोवा स्थित यूनानी संस्थानों का उद्धघाटन करेंगे।





राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान को तैयार करने में 381 करोड़ की लागत आई है।राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान आज जनता को समर्पित होने के बाद फिलहाल ओपीडी में मरीजों का इलाज होगा।जानकारी के अनुसार संस्थान में वर्ष 2023 से यूनानी विधा की पढ़ाई शुरू हो जाएगी। इस संस्थान में कुल 14 विभाग होंगे।यूनानी पद्धति में परास्नातक और शोध की शिक्षा भी मिलेगी।इनमें औषधि विकास, गुणवत्ता नियंत्रण, सुरक्षा मूल्यांकन, यूनानी चिकित्सा और प्रथाओं के वैज्ञानिक सत्यापन पर ध्यान केंद्रित रहेगा।





प्रतिदिन 500 से 600 मरीजों का हो रहा इलाज





राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान बंगलूरू और गाजियाबाद के निदेशक प्रो. अब्दुल वदूद ने बताया कि इस समय प्रतिदिन 500 से 600 मरीजों का इलाज हो रहा है।ओपीडी में चार विशेषज्ञ डॉक्टर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उद्घाटन के बाद चिकित्सा विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाएगी। इसके बाद ओपीडी में पांच से सात हजार मरीजों का इलाज शुरू होगा। संस्थान का निर्माण एक मार्च 2019 से शुरू हुआ था। तत्कालीन केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री श्रीपद नाइक और केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने शिलान्यास किया था।





संस्थान में ये सुविधाएं हैं मौजूद





संस्थान में विदेशी छात्र भी पढ़ाई कर सकेंगे।यहां यूनानी दवाओं पर विभिन्न तरह के शोध किए जाएंगे।इसके अलावा यूनानी पद्धति में परास्नातक और पीएचडी की शिक्षा भी दिलाई जाएगी।संस्थान में मौजूद सुविधाओं की बात करें तो यहां ओपीडी, चार ऑपरेशन थिएटर, नर्सरी, सामान्य वार्ड, आईसीयू, एक्यूप्रेशर कक्ष, प्राइवेट वार्ड, फिजियोथेरेपी कक्ष, पंचकर्म कक्ष, जिम्नेजियम, सीएसएसडी, कैंटीन, शैक्षणिक और प्रशासनिक ब्लॉक, ट्यूटोरियल रूम, सेमिनार हॉल, म्यूजियम, लाइब्रेरी, लैब समेत अन्य कक्ष बने हैं।