प्रतिनिधि,चौपारण। इस्कॉन के आध्यात्मिक गुरु डॉ. केशवानंद प्रभु शनिवार को प्रखण्ड के महराजगंज में कस्तुरबा जन जागरण समिति से संचालित डॉ. ललन बाबू कस्तुरबा गांधी +2 उच्च विद्यालय सह आइडियल पब्लिक स्कूल के छात्र छात्राओं को लाइफ मैनेजमेंट करने के गुर सिखाए। उन्होंने बच्चों को सफलता के लिए कई मंत्र दिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए मौसम के अनुसार फल का सेवन करें। साथ ही उन्होंने रात में जल्दी सोने और सुबह जल्दी उठने को कहा। इसके अलावा सुबह में सूर्यनमस्कार और प्राणायम करने को कहा,जिससे मन और तन के विकास के साथ साथ बौद्धिक क्षमता में भी वृद्धि होती है। साथ ही उन्होंने कहा कि सफल होना है तो अपने वाणी को सोच समझकर मधुर बोलिए। इसके अलावा आप अपने लक्ष्य को पेपर में लिखकर अपने स्टडी रूम में सामने रखें और समय का सदुपयोग करते हुए लक्ष्य की ओर अग्रसर रहें। आपकी मंजिल आपके कदमों में होगी।





मौके पर विद्यालय के संस्थापक सदस्य अरविंद सिन्हा,प्रबन्धक चन्दन कुमार ने मुख्य अतिथि डॉ केशवानंद आचार्य को शॉल ओढ़ाकर समान्नित किया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने सभी क्लास के सबसे अधिक उपस्थित रहने वाले बच्चों को मेडल और पेन देकर सम्मानित भी किया। वहीं दीपावली के मौके पर बच्चों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सहित कई टॉपिक पर रंगोली बनाकर अच्छे संदेश देने की कोशिश की।





मौके पर विद्यालय की प्रचार्या ममता कुमारी ने सभी बच्चों व शिक्षकों को दीपवाली,बाल दिवस,झारखंड स्थापना दिवस ,चित्रगुप्त पूजा व छठ पूजा की अग्रिम हार्दिक शुभकामनाएं दी।