वरीय संवाददाता





रांची। राजकीय कृत मध्य विद्यालय गुमला में भारतीय रिजर्व बैंक के तत्वावधान में गुरुवार को वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के सहायक महाप्रबंधक अरविंद एक्का एवं साख फाउंडेशन रांची के सचिव मनोज सिंह, प्रोग्राम मैनेजर मृत्युंजय चंद्रा द्वारा विचार व्यक्त किया गया।





सर्वप्रथम मृत्युंजय चंद्रा द्वारा बैंक की संरचना, भूमिका एवं इसके तहत दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं के बारे में अवगत कराया गया। साथ ही वित्तीय साक्षरता सेंटर एवं आरबीआई द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यकर्मों के बारे में जानकारी दी गई। बैंक की आवश्यकता एवं अवधारणा को समाज के सभी लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया गया।





अरविंद एक्का ने बताया कि गुमला जिले में वित्तीय साक्षरता की काफी कमी है।इसलिए यहां के लोगों को वित्तीय साक्षर करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा आय से कम खर्च करना चहिए ताकि बचत हो सके। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को बैंक के बारे में बताने का आग्रह किया। कहा कि अपने पैसों का लेन देन अधिकृत संस्था में ही करें।साथ ही बैंक से फ्रॉड होने से संबंधित बचने के लिए कई जानकारियां लोगों को बताई गई। जैसे कि बैंक से जुड़े किसी भी गोपनीय जानकारी जैसे ओटीपी, पिन नंबर, आधार नंबर, एटीएम नंबर इन सब की जानकारी बैंक कभी भी फोन कॉल से नहीं मांगती है। यह जानकारी देने से बचना चाहिए। विद्यालय में शिविर का आयोजन करवाने का उद्देश्य बैंक से जुड़ी जानकारी पहले शिक्षक जानें, उसके बाद बच्चों को बताएं और बच्चों द्वारा यह जानकारी अभिभावक को प्राप्त हो। जिससे सभी बैंक से संबंधित सावधानियां बरत सकें। मौके पर गुमला में वित्तीय साक्षरता सेंटर के कार्यान्वयन एजेंसी साख फाउंडेशन के मनोज सिंह ने वित्तीय साक्षरता के महत्व के बारे में चर्चा किया ।





इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीतू कुमारी, एफएलसी रिंकी कुमारी , वित्तीय साक्षरता सेंटर के प्रभारी चेतन केशरी , प्रशिक्षक भागवत कुमार, सहित विद्यालय के शिक्षक व शिक्षिका उपस्थित थे।