प्रतिनिधि,चुरचू (हजारीबाग)। प्रखण्ड के सीआरपीएफ 22 बटालियन कैम्प में आर्ट ऑफ लिविंग के तहत छह दिवसीय योग शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सीआरपीएफ के सहायक कमांडेड मनोज कुमार सिंह, आर्ट ऑफ लिविंग के जिला कॉडिनेटर प्रमोद कुमार सिंहा, योग शिक्षक ताकेश्वर सोनी के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस छह दिवसीय योग शिविर में सेशन आधारित योग बतलाया व सिखलाया गया,जिसमें सीआरपीएफ के जवान अधिकारी आदि इस शिविर में भाग लिया। इस शिविर कार्यक्रम के तहत मुख्य रूप से आसन ध्यान मुद्रा प्राणयाम अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार आदि बतलाया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला कॉडिनेटर प्रमोद कुमार सिंह ने बतलाया की हम सभी को नियमित योग करने की जरूरत है। स्वस्थ शरीर से बड़ा दूसरा कोई धन नही होता है। जबतक हम स्वस्थ नही होंगे तबतक न ही हमारा विकास हो सकता है और न ही हम दूसरे का विकास के हित में सोच सकते है। इस शिविर कार्यक्रम में मुख्य योग शिक्षक विजय कुमार दास, हवलदार सौदागर राम, सहित सीआरपीएफ के जवान आदि शामिल थे।





