पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,पाकुड़। दो बार देश में मोदी लहर और तीसरी बार भाजपा के 400 पार के नारे के बावजूद झामुमो के राजमहल लोकसभा उम्मीदवार विजय हांसदा ने तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई। उन्होंने भाजपा के ताला मरांडी को 1,78,264 वोट के अंतर से हराया। विजय हांसदा को कुल 6,13,371 वोट प्राप्त हुआ,जबकि भाजपा के ताला मरांडी को 4,35,107 वोट मिले। वर्ष 2014 में झामुमो के टिकट पर विजय हांसदा ने भाजपा प्रत्याशी रहे हेमलाल मुर्मू को पहली बार हरा कर जीत हासिल की थी। इसके बाद विजय हांसदा ने 2019 में भी दूसरी बार भाजपा उम्मीदवार हेमलाल मुर्मू को भारी मतों से हरा कर जीत दर्ज की थी।
विजय हांसदा के राजमहल सीट पर तीसरी बार जीत कर हैट्रिक लगाने के बाद मतगणना स्थल के 200 मीटर से हटकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी को लेकर जमकर आतिशबाजी के साथ-साथ पूरे लोकसभा क्षेत्र में जगह-जगह पटाखे फोड़े ओर मिठाइयां बांटी। वहीं भाजपा में खामोशी छाई रही। भाजपा समर्थक कई तरह के बातो में उलझे रहे। भाजपा कमियों का विश्लेषण कर रही है, ताकि कमियों को दूर कर विधानसभा की तैयारी में जुटे, क्योंकि विधान सभा का चुनाव भी इस वर्ष के अंतिम तक होने की संभावना है।





