दुमका।झारखंड की उप राजधानी दुमका को अब उप राजधानी के अनुरूप सजाने संवारने की दिशा में पहल शुरू हो चुकी है।दुमका विधायक बसंत सोरेन ने प्रसिद्ध जनजातीय हिजला मेला परिसर के उन्नयन के लिए रविवार को लगभग 5.81करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास भी किया है। योजना के तहत प्रशासनिक भवन, चांद भैरव मंच का निर्माण, शौचालय, फूड कोर्ट, भीयूइंग डेक, मैदान का विकास, साइकिल ट्रैक का निर्माण, पाथ वे, आर्क वे, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, साउंड सिस्टम, किचन सामग्री, सीसीटीवी कैमरा का अधिष्ठापन, एक्टिविटी सेंटर, साथ ही पहले से बने संरचना का उन्नयन कार्य किया जाएगा।दुमका शहर से लगभग चार किलोमीटर दूर इसी मैदान पर हर वर्ष जनजातीय हिजला मेला का आयोजन किया जाता है,जिसमें राज्य व देश भर से लोग भ्रमण के लिए पहुंचते है।
विधायक सोरेन ने रविवार को बताया कि दुमका जिला के विकास के लिए विभिन्न कार्य योजनाओं की तैयारी हो रही है। इसी क्रम में पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिजला मेला मैदान के उन्नयन के कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। संताल परगना का गौरवपूर्ण सांस्कृतिक इतिहासवाला हिजला मेला क्षेत्र की कला, रास, हर्ष, नृत्य और संगीत के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को बनाये रखने में करीब 130 साल से प्रयत्नशील रहा है। हमारी संस्कृति पूरी दुनिया में अलग पहचान बनती है। दुमका अब नाम के लिए उप राजधानी नहीं रहेगा। इसे पूर्ण रूप से उप राजधानी के तौर पर सजाया जाएगा।





