प्रतिनिधि,दुमका। जिले के उप विकास आयुक्त अभिजीत सिन्हा ने शुक्रवार को आंगनबाड़ी केन्द्र, बाबूपुर, आंगनबाड़ी केंद्र, शिलान्दा एवं आंगनबाड़ी केंद्र, बगझोपा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में आंगनबाड़ी केन्द्र, बाबूपुर में सेविका एवं सहायिका उपस्थित पायी गयीं और बच्चे भी उपस्थित थे। परन्तु सेविका द्वारा बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में चावल की आपूर्ति नहीं हुई है। इस बिन्दू पर उप विकास आयुक्त सिन्हा ने तुरंत जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं जिला आपूर्ती पदाधिकारी से वार्ता करते हुए दो दिनों के अन्दर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में चावल आपूर्ति कराने का निर्देश दिया एवं दोनों पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक माह दो बार आपस मे बैठक कर अनाज आपूर्ती की समस्या का समाधान आपसी समन्वय से करना सुनिश्चित करें।
आंगनबाड़ी केंद्र, शिलान्दा के निरीक्षण के दौरान सेविका अनुपस्थित पायी गयीं तथा केंद्र में बच्चे नहीं उपस्थित थे। केन्द्र की असंतोषप्रद पायी गयी। भवन की मरम्मति नहीं की गयी है, विद्युत की आपूर्ती बाधित है, वाटर फ़िल्टर खराब है। इस बिन्दू के आलोक में संबंधित सेविका एवं महिला पर्यवेक्षिका से कारण पृच्छा करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्र, बागझोपा में भी सेविका अनुपस्थित पायी गई एवं बच्चे भी अनुपस्थित थे। सम्बंधित सेविका से कारण पृच्छा करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। राजकीय मध्य विद्यालय, बगझोपा के निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि अभी तक प्राथमिक वर्ग में टेबल बेंच नही लगाया गया है, बच्चे दरी पर बैठे थे। इस संबंध में प्रधानाचार्य से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया तथा प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया कि अविलम्ब छात्रों को पुस्तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।





