प्रतिनिधि,दुमका।स्वतंत्रता दिवस 2023 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय के सभागार कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया है।





उपायुक्त ने बताया कि जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उपराजधानी दुमका में माननीय राज्यपाल द्वारा मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन मैदान दुमका में प्रातः 9:05 बजे में झंडोत्तोलन किया जाएगा। सभी तैयारियां ससमय पूरी कर ली गई हैं। फाइनल रिहर्सल 13 अगस्त 2023 को प्रातः 8:30 बजे मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन में किया जाएगा।





उपायुक्त द्वारा बताया गया कि मुख्य अतिथि का वाहन शहीद स्मारक स्थल के बांयी तरफ एवं अति विशिष्ट / विशिष्ट अतिथियों के वाहन दायी तरफ पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पत्रकारों एवं अन्य अतिथियों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था गेट नं0 - 4 में किया गया है।





उपायुक्त ने सभी इलेक्ट्रोनिक मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि से कहा कि मुख्य कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रगान के दौरान किसी प्रकार की आवाजाही नहीं करेंगे।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुल 15 प्लाटून भाग लेंगे। राष्ट्रगान हेतु विद्यालयों का चयन कर लिया गया है। 15 अगस्त 2023 के दिन मुख्य समारोह स्थल दुमका के मार्ग में प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक कुल 2 घंटे तक वाहनों का परिचालन पर रोक रहेगी।





इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता होगी लोगों की समस्याओं को दूर करना। सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोग अपनी समस्या को लेकर जिले तक नहीं पहुंच पाते हैं। उनके लिए जिला प्रशासन एक टोल फ्री नंबर जारी करेगी।जिस पर संपर्क कर आमलोग अपनी समस्याओं से अवगत कराएंगे। शिक्षा एवं स्वास्थ्य में आपेक्षिक सुधार के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। स्कूलों में पोशाक स्वयं सहायता समूह के जरिए पहुंचाया जाएगा। अवैध माइनिंग पर रोक लगाई जाएगी।