प्रतिनिधि,दुमका।समाहरणालय परिसर से शुक्रवार को जिले के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला के नेतृत्व में उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस,जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं होड़ संवाद के संपादक चुण्डा सोरेन सिपाही द्वारा संयुक्त रूप से जन्म एवं मृत्यु निबंधन के शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने एवं निबंधन से संबंधित व्यापक जन जागरूकता करने के उद्देश्य से जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र भ्रमण हेतु रवाना किया गया एवं राज्य स्तर पर चलने वाले विशेष अभियान 14 जुलाई 2023 से 14 अगस्त 2023 तक का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त रविशंकर शुक्ला के द्वारा बताया गया कि कोविड-19 महामारी के दौरान लॉकडाउन के कारण जिन बच्चों का जन्म पंजीकरण नहीं हो सका है।ऐसे सभी बच्चों को चिन्हित कर उनका जन्म निबंधन कराते हुए जन्म प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने हेतु विशेष अभियान 14 जुलाई 2023 से 14 अगस्त 2023 तक चलाया जा रहा है। विशेष अभियान के तहत सभी सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक,आंगनवाड़ी पर्यवेक्षिका,सेविका,सहिया एवं एएनएम अपने-अपने क्षेत्राधिकार में प्रत्येक बच्चे का,जिसका जन्म निबंधन नहीं हुआ है।उसको स्वयं संज्ञान लेते हुए निबंधन हेतु उन सभी अभिभावक से सभी आवश्यक कागजात यथा— आवेदन पत्र, निबंधन पत्र (प्रपत्र --1) स्व अभिप्रमाणित शपथ पत्र, माता-पिता का पहचान पर, गवाहों का पहचान पत्र को संकलित करते हुए अपने क्षेत्र के संबंधित रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) को उपलब्ध कराएंगे। तत्पश्चात् संबंधित रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) नियमानुसार बच्चे का जन्म निबंधन करते हुए जन्म प्रमाण-पत्र लाभुक को हस्तगत कराऐगें।
इस कार्य हेतु आंगनवाड़ी पर्यवेक्षिका,सेविका,सहायिका, सभी सरकरी स्कूल के प्रधानाध्यापक,पंचायत सचिव,प्रखण्ड के प्रमुख,उप प्रमुख और सभी मुखिया को प्रशिक्षण दिया जायेगा। उपायुक्त द्वारा आम नागरिकों से अनुरोध किया कि इस अभियान में जन्म-मृत्यु पंजीकरण से छुटे हुए सभी बच्चों एवं नये जन्म लिये हुए सभी बच्चों और सभी मृत व्यक्तियों का पंजीकरण अवश्य करायें।





