उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रेसवार्ता सह होली मिलन समारोह का आयोजन
आगामी त्योहारों के मद्देनजर विधि व्यवस्था हेतु प्रशासनिक तैयारियों की दी जानकारी
सभी को होली की शुभकामनाएं: जिला प्रशासन
प्रतिनिधि,हज़ारीबाग़। होली एवं शब ए बारात पर्व के मद्देनजर ज़िला प्रशासन ने आज सोमवार प्रेस कांफ्रेंस सह होली मिलन समारोह आयोजित कर प्रशासनिक व पुलिस तैयारियों के बारे में मीडियाकर्मियों को जानकारी दी गई।
उपायुक्त नैन्सी सहाय ने बताया पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनी रहे, सांप्रदायिक सौहार्द बनी रहे, आम नागरिक सुविधा उपलब्ध रहे।इसके लिए प्रशासन मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी है। नगर निगम,स्थानीय प्रशासन, संबंधित विभाग सहित अन्य आकस्मिक सेवा वाले विभाग अलर्ट मोड में रहने के लिए निर्देश दिए गए हैं। दूरभाष अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए क्यूआरटी टीम सक्रिय रहेंगी। विधि व्यवस्था एवं सांप्रदायिक तनाव के मद्देनजर चलंत डीजे के साथ किसी भी तरह के जुलूस निकालने पर पाबन्दी लागू रहने की जानकारी उपायुक्त ने दी।
पुलिस अधीक्षक चोथे मनोज रतन ने बताया कि विधि व्यवस्था बनाए रखने एवं शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। सामान्य पेट्रोलिंग से लेकर आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। 24 घण्टे कन्ट्रोल रूम को क्रियाशील किया गया है। इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इस दौरान तीन हज़ार अतिरिक्त पुलिस बल के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की जाएगी। हुड़दंगियों पर पुलिस सख्ती से निपटेगी, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले पर मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधान के तहत् कारवाई की जायेगी साथ ही पुलिस गस्त बढाई जायेगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की आईटी सेल से निगरानी रखी जा रही है।
नगर आयुक्त प्रेरणा दीक्षित ने बताया नगर निगम क्षेत्र में सामान्य नागरिक व आकस्मिक सेवा, सुविधाओं के लिए निगम प्रयास कर रहा है। पानी की आपूर्ति, मच्छर के लिए फॉगिंग, साफ़ सफ़ाई के लिए अलग अलग टीम काम कर रही है।अंत में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक व उप विकास आयुक्त ने उपस्थित सभी पत्रकारों को होली की शुभकामनाएं दी।





