पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।गढ़वा उपायुक्त शेखर जमुआर के निर्देश पर शुक्रवार को उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा द्वारा समाहरणालय स्थित अपने कार्यकाल कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं समस्याओं के निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया।





जनता दरबार में भूमि कब्जा,पारिवारिक विवाद,भूमि सीमांकन,म्युटेशन,अनुकम्पा आधारित नौकरी,भूमि विवाद, मुआवजा आदि समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।





सर्वप्रथम बरडीहा प्रखंड की कलिंदा देवी ने अनुकंपा के आधार नौकरी देने के संबंध में आवेदन दिया है। उन्होंने कहा कि उनके पति सुरेश रजवार प्रखंड कार्यालय बरडीहा में अनुसेवक के पद पर कार्यरत थे,जिनकी मृत्यु उपरांत सरकारी पावनाओं का भुगतान व अनुकम्पा आधारित आश्रितों को नौकरी नहीं मिली है।उन्होंने अनुकम्पा आधारित नौकरी हेतु अनुरोध किया है। उप विकास आयुक्त द्वारा मामले में जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी बरडीहा को निर्देशित किया गया।





सदर प्रखंड अवस्थित बस स्टैंड गढ़वा में दुकान आवंटित कराने हेतु ललन ठाकुर द्वारा आवेदन समर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व से बस स्टैंड में उनका दुकान था,परंतु नए बस स्टैंड के के निर्माण हेतु दुकान को हटाया गया था।पुनः दुकान आवंटन हेतु उन्होंने फॉर्म भी भरा है,परंतु उन्हें दुकान आवंटित नहीं हो सकी। अतः उन्होंने एक दुकान आवंटित करने का अनुरोध किया है।आवश्यक कार्रवाई हेतु कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद गढ़वा को निदेशित किया गया।





डंडई प्रखंड के पचौर निवासी धर्मराज पासवान ने ग्राम पंचायत पचौर में स्वयं को चौकीदार के पद पर बहाल करने हेतु आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उक्त पंचायत में कोई भी चौकीदार नहीं है। आवश्यकतानुसार चौकीदार संबंधी सभी कार्य उनके द्वारा ही किया जाता है। उक्त के आलोक में प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा को आवश्यक कार्रवाई हेतु निदेशित किया गया।





सदर प्रखंड के ग्राम झूरा निवासी निरंजन कुमार तिवारी एवं मुकेश तिवारी आवेदन समर्पित करते हुए आवास योजना के तहत आवास देने के संबंध में अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि इस वर्षा ऋतु में वर्षापात के कारण उनका मिट्टी का मकान गिर कर ध्वस्त हो चुका है, जिसके चलते रहने में कठिनाई हो रही है। बारिश का पानी शेष बचे स्थानों पर प्रवेश कर रही है एवं आवारा पशुओं से भी खतरा है। उप विकास आयुक्त ने आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित पदाधिकारी को निदेशित किया।





इस प्रकार बारी-बारी से अन्य लोगों ने भी विभिन्न प्रकार की समस्याओं को पदाधिकारी के समक्ष रखा।आमजनों से प्राप्त शिकायतों का समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।