ब्यूरो प्रमुख,चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त अनन्य मित्तल ने सोमवार को सदर प्रखंड के अमला टोला वार्ड संख्या 19 में अवस्थित आदर्श नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2022-23 में नया नामांकन के तहत 100वें बच्चे का नामांकन अपने हाथों से किया। 100वें बच्चे के रूप में नामांकित होने वाली छात्रा सविता देवगम है जो सदर प्रखंड के ही पाम्पाड़ा गांव की रहने वाली है।
पिता मनु देवगम के साथ नामांकन कराने आयी सविता को उपायुक्त ने नामांकन के पश्चात वर्ग -6 का पाठ्य पुस्तक, दस नयी कापी, पेन, पेंसिल एवं इंस्ट्रूमेंन बॉक्स प्रदान कर उसे मन लगाकर पढ़ने की सलाह दी। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस श्रुति राजलक्ष्मी भी मौजूद थीं। नामांकन के पश्चात उपायुक्त ने अन्नामृता फाउंडेशन द्वारा विद्यालयों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन का भी निरीक्षण किया,जिससे वे संतुष्ट नजर नहीं आए। मध्याह्न भोजन के अवलोकन के बाद समग्र शिक्षा अभियान के तहत विद्यालय के नव निर्मित चार यूनिट के बालक शौचालय का निरीक्षण किया,जिसके कार्य से वे संतुष्ट नजर आए। निरीक्षण के क्रम में उन्होने वर्ग कक्ष जाकर बच्चों से रुबरु हुए तथा उनसे कुछ सवाल पूछे,जिसका उत्तर बच्चों ने तत्परता से दिया।
झारखण्ड शिक्षा परियोजना द्वारा हाल ही में खाली कराए गए दो कमरों का भी उपायुक्त एवं प्रशिक्षु आईएएस ने निरीक्षण किया जिसका जीर्णोद्धार जिला प्रशासन द्वारा किया जाना है। उन्होने तत्काल कार्यकारी एजेंसी एनआरईपी के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बात कर जल्द से जल्द जीर्णोद्धार का काम शुरू कर उसे पूरा करने का निर्देश दिया। विद्यालय निरीक्षण के अंत में वे सदर प्रखण्ड के शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवा-पुस्तिका में बार्षिक वेतन वृद्धि एवं सेवा सत्यापन के कार्य का मुयायना किया तथा जिला शिक्षा अधीक्षक से फोन पर बातकर तत्काल सदर प्रखण्ड के प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को बचे कार्य को पूरा करने का निर्देश देने को कहा।
इससे पूर्व बाल संसद के अध्यक्ष सुदीप पैड़ा एवं प्रधानमंत्री सुशीला देवगम ने उपायुक्त का जबकि प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने प्रशिक्षु आईएएस श्रुति राजलक्षमी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।विद्यालय से प्रस्थान करते समय शिक्षिका मिनाक्षी सहाय ने विद्यालय की ओर से प्रतीक चिन्ह प्रदान कर उपायुक्त को सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक के अलावे सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बाल संसद के सभी मंत्रीगण उपस्थित थे।





