उपायुक्त ने किया सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण,डॉक्टर्स रोस्टर ड्यूटी चार्ट, दवा की उपलब्धता, साफ सफाई व मौजूद सुविधाओं का लिया जायजा
जिले के सभी सीएचसी,पीएचसी को सभी सुविधाओं के साथ रखें क्रियाशील : उपायुक्त
प्रतिनिधि,चतरा। उपायुक्त अबु इमरान ने रविवार को सदर अस्पताल चतरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सदर अस्पताल के सभी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए सुनिश्चित किया कि सभी मौजूद सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं उचित एवं सुचारू रूप में हो। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने विभिन्न वार्डो का भ्रमण किया तथा चिकित्सकों की रोस्टर ड्यूटी की पंजी,दवा की उपलब्धता, साफ सफाई समेत पर्व त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल में मौजूद व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उपायुक्त ने चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सदर अस्पताल के साथ-साथ सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को क्रियाशील अवस्था में रखे। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल में पेयजल की व्यवस्था और साफ सफाई का भी जायजा लेते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए और कहा कि स्वच्छता में कोई भी कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। इसी क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल के पानी टंकियों और उसके समीप लगे सोलर उपकरणों का निरीक्षण करते हुए साफ सफाई हेतु उचित दिशा निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने ओटी और वार्ड का भी निरीक्षण करते हुए मॉड्यूलर ओटी बनाने का प्रस्ताव बढ़ाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन डॉ. श्यामनन्दन सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश टोप्पो, डेप्युटी सुपरिंटेंडेंट मनीष लाल और पारा मेडिकल कर्मचारी उपस्थित थे।





