उपायुक्त ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखा कर किया रवाना





यह रथ जिले के सभी प्रखंडों में घूम घूम कर आम लोगों को जागरूक करेगी





प्रतिनिधि,चतरा। बाल विवाह, दहेज प्रथा को समाप्त करने व किशोरियों/बालिका के उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के प्राप्त लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण करने एवं सभी योग्य किशोरियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त अबु इमरान ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के सभी 12 प्रखंडों में रोस्टर अनुसार घूम-घूम कर आम लोगों को जागरूक करने का कार्य करेगी।





क्या कहते हैं समाज कल्याण पदाधिकारी





मौके पर समाज कल्याण पदाधिकारी सूरजमूनि कुमारी ने बताया कि राज्य से चतरा जिले को वर्तमान में कुल 8100 योग्य किशोरियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य प्राप्त है। इसके विरुद्ध अभी तक कुल 1538 आवेदन प्राप्त हुए हैं,जिसमें 181 लाभुकों को लाभान्वित किया जा रहा है। शेष योग्य आवेदकों के आवेदन के जांच के पश्चात नियमानुसार लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि यह योजना का उद्देश्य किशोरियों की अपने जीवन के संबंध में स्वतंत्र निर्णय लेने हेतु सक्षम बनाना है। सरकारी तथा सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त और राइट टू एजुकेशन (आरटीई ) के अंतर्गत विद्यालयों में पढ़ने वाली किशोरियों को लाभ मिलेगा। योजना के अंतर्गत ड्रॉप आउट किशोरियों को स्कूल/कॉलेज से जोड़ने की होगी विशेष पहल योजनांतर्गत मिलने वाली राशि छात्रवृत्ति के अतिरिक्त होगी।





योजनान्तर्गत लाभ हेतु आवेदन प्रक्रिया





किशोरी अपने पोषक क्षेत्र के संबंधित आंगनबाड़ी सेविका के माध्यम से बाल विकास परियोजना पदाधिकारी कार्यालय में आवश्यक प्रमाण-पत्रों/अभिलेखों के साथ विहित प्रपत्र में आवेदन पत्र समर्पित करेंगे। प्रमाण-पत्रों/अभिलेखों की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।प्रारंभ में इस योजना के तहत पूरी प्रक्रिया मैनुवली की जायेगी तथा कालान्तर में पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन सम्पन्न कराई जायेगी।





यह मिलेगा लाभ





कक्षा 8वीं में 2500, कक्षा 9वीं में 2500, 10वीं में 5000, कक्षा 11वीं में 5000, कक्षा 12वीं में 5000, 18 से 19 वर्ष की किशोरी को एक मुस्त 20000 बीस हजार रुपया की अनुदान राशि दी जाएगी।मौके पर समाज कल्याण पदाधिकारी सूरज मुनि कुमारी, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक,स्थानीय सेविका सहायिका, महिला सुपरवाइजर समेत अन्य सभी संबंधित उपस्थित थे।