प्रतिनिधि,जमशेदपुर।समाहरणालय स्थित सभागार में शनिवार उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आमजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान दूर दराज ग्रामीण क्षेत्र व शहरी क्षेत्र के भी फरियादियों ने बारी-बारी से अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा,जिसे उन्होंने ध्यानपूर्वक सुनते हुए जांच कर अविलंब कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया।वहीं अंचल व थाना से जुड़े कुछ मामलों में उन्होंने मौके पर ही दूरभाष से सम्बंधित पदाधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए समस्याओं का समाधान किया। साथ ही जनसमस्याओं से प्राप्त आवेदनों को सम्बन्धित विभागीय पदाधिकारी को अग्रसारित करते हुए जल्द से जल्द समाधान का निर्देश भी दिया।





प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से जमीन और घर पर अवैध कब्जा, स्वास्थ्य संबंधित मामले, वन विभाग से सूखे पेड़ को काटने की अनुमति दिलाने, अवैध निर्माण, पारिश्रमिक भुगतान, भूमि विवाद, रोजगार समेत अन्य मामले शामिल हैं। उपायुक्त ने आमजनों से उनकी समस्याएं तो सुनी ही साथ ही समस्या से जुड़े आवेदन भी लिए और जल्द ही समस्याओं के समाधान का भरोसा जताया। प्राप्त आवेदनों को लेकर उन्होंने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि समयबद्ध रूप से आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें, जिससे आम जनता को अनावश्यक सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा-सह- जन शिकायत कोषांग की नोडल पदाधिकारी नेहा संजना खलखो भी मौजूद थीं।