संजय कुमार धीरज
साहिबगंज। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत एवं नमामि गंगे की सहभागिता से आयोजित पुस्तक परिक्रमा मंगलवार को झारखंड की गंगा नगरी साहिबगंज पहुंची,जहां उपायुक्त राम निवास यादव ने जवाहर नवोदय विद्यालय से सचल पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस क्रम में उन्होंने पुस्तक प्रदर्शनी वैन का अवलोकन भी किया और गंगा के महत्व के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की इस अनूठी पहल की सराहना की।
उद्घाटन के क्रम में पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, राज्य समन्वयक स्वच्छ गंगा मिशन अंजना भारती, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाध्यापक, जिला गंगा समिति के सदस्य प्रो. रणजीत कुमार सिंह, सचल पुस्तक परिक्रमा में आए सदस्य एवं विद्यालय के बच्चे आदि उपस्थित थे।
आपको बता दें कि यह पुस्तक प्रदर्शनी गंगा तटों के आसपास बसे शहरों,कस्बों के विभिन्न विद्यालयों, विश्वविद्यालय एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा करेगी, साथ ही यह छात्रों और युवाओं को गंगा के सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहलू के बारे में जागरूक भी करेगी।इससे लोग अपनी इस पवित्र नदी के समृद्ध इतिहास के संबंध में जागरूक होंगे।गंगा पुस्तक प्रदर्शनी साहिबगंज के अलावा बहरामपुर कोलकाता से होकर 22 दिसंबर 2022 को हल्दिया में अपनी यात्रा समाप्त करेगी। यह यात्रा उत्तराखंड के हरिद्वार से शुरू होकर प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, छपरा, पटना, बेगूसराय, सुलतानगंज, भागलपुर की यात्रा कर चुकी है।
यह हरिद्वार से शुरू होकर हल्दिया जाने के क्रम में 25,100 किलोमीटर की यात्रा संपन्न करेगी, जिसमें गंगा तटों के आसपास बसे शहर, कस्बों के विद्यालयों में छात्रों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधि, जैसे ड्राइंग, लेखन, भाषण तथा अन्य प्रतियोगिता का आयोजन भी कर रहीं है।
पुस्तक प्रदर्शनी में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और उर्दू में विभिन्न आयु वर्ग हेतु पुस्तकों के अलावा गंगा और भारतीय नदियों और जल निकायों के आसपास विकसित पारिस्थितिकी तंत्र पर पुस्तक प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए उपलब्ध है।





