प्रयागराज।चार दशक से आतंक का पर्याय रहे जरायम की दुनिया का बेताज बादशाह पूर्व सांसद माफिया अतीक अहमद को उम्रकैद की सजा सुनाने वाले न्यायाधीश डॉ. दिनेश चंद्र शुक्ला की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। न्यायाधीश को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।उमेश पाल अपहरण कांड में फैसला आने के बाद शासन की ओर से यह कदम उठाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रायबरेली जिले के रहने वाले न्यायाधीश डॉ. दिनेश चंद्र शुक्ला ने न्यायिक सेवा में आने के बाद भदोही जिले से अपने करियर की शुरुआत की।कल मंगलवार को बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह रहे उमेश पाल अपहरण कांड में एमपी एमएलए कोर्ट ने माफिया अतीक अहमद, दिनेश पासी और अधिवक्ता खान शौलत हनीफ को उम्रकैद की सजा सुनाई है।कोर्ट ने आरोपियों पर 9300 रुपये का अर्थदंड भी लगाया था और एक-एक लाख रुपये क्षतिपूर्ति देने का भी आदेश दिया। यह क्षतिपूर्ति पीड़ित परिवार को दी जाएगी।
विशेष न्यायाधीश डॉ. दिनेश चंद्र शुक्ला ने अपने 142 पन्ने के फैसले में यह भी कहा था कि अभियुक्तगण फरहान एवं खालिद अजीम उर्फ अशरफ, जावेद उर्फ हनीफ, आबिद, इसरार, आशिक उर्फ मल्ली, एजाज अख्तर, अंसार बाबा (मृतक) किसी और मामले में वांछित न हो तो उन्हें अविलंब रिहा किया जाए।





