एक मां मिलती बड़ी मुश्किल से हमें दो-दो मां का प्यार मिला, जैसे भजनों पर झूम उठीं महिलाएं
साकची अग्रसेन भवन में धूमधाम से मना भायली महिला मण्डल का सावन सिंधारा महोत्सव
प्रतिनिधि,जमशेदपुर। साकची स्थित अग्रसेन भवन में मंगलवार सामाजिक संस्था भायली महिला मंडल सोनारी द्वारा श्री राणी सती दादी जी का मंगल पाठ एवं अष्टम सावन सिंधारा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान यजमान सीमा व विनोद डंगबाजिया को विपिन पंडित ने पूजा कराई। 500 से अधिक महिलाओं ने चुंदड़ी ओढ़े रंगबिरंगी साड़ी धारणकर एक स्वर में सामूहिक मंगल पाठ किया। दादी जी का सवामणी का भोग भी सामूहिक किया गया। शहर के प्रसिद्ध भजन गायक महावीर अग्रवाल मुन्ना ने मंगल पाठ वाचन का शुभारंभ म्हारा प्यारा रे गजानन आईज्यो. गणेश वंदना से किया। वीर हनुमाना अति बलवाना, जै जै पितर जी महाराज, आज म्हारे आंगणिये में राणी सती जी आई जी, दादी दादी बोल दादी सुन ले सी, जगदम्बे भवानी मइया, हम दादी वाले हैं, दे दे थोड़ा प्यार दादी तेरा क्या घट जाएगा, भक्तां पर जब भीड़ पड़ी तब दौड़ी-दौड़ी आई, चालो रे चालो झुंझनू धाम रे, एक मां मिलती बड़ी मुश्किल से हमें दो-दो मां का प्यार मिला जैसे एक से बढ़कर एक भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। मंगल पाठ और भजनों के दौरान ऐसा भक्तिभाव जागा कि महिलाएं नाचते-गाते एवं दादी जी का जयकारा लगाते हुए झूम उठीं।अग्रसेन भवन का पूरा माहौल दादीमय हो गया था।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य दरबार, चुनरी उत्सव, गजरा उत्सव, मन भावन नृत्य महोत्सव, सवामणी प्रसाद, महा प्रसाद तथा छप्पन भोग और महाआरती रहा। महाआरती के बाद भक्तों समेत शहर के गणमान्य लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही इसमें ओमप्रकाश रिंगसिया, पवन अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, ललित डांगा, मदन अग्रवाल, संदीप बजाज, महावीर अग्रवाल और शरत अग्रवाल ने भी दादी के दरबार में हाजरी लगाई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से अध्यक्ष कविता अग्रवाल, सचिव मंजू अग्रवाल, सुमन, मैना, विमला, नीलम, लता, कविता, सीमा, कंचन, स्वाती, भारती, प्रीति, काजू, झुमकी, लक्ष्मी, राधा व संस्था की पूरी टीम समेत राजस्थान कल्याण परिषद (श्री अग्रसेन भवन साकची) के अध्यक्ष राम कृष्णा चौधरी एवं ओमप्रकाश रिंगसिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





